फोटो गैलरी

Hindi Newsकड़ी सुरक्षा के बीच याकूब को दफनाया गया, पिता की कब्र के बगल में दफन हुआ याकूब

कड़ी सुरक्षा के बीच याकूब को दफनाया गया, पिता की कब्र के बगल में दफन हुआ याकूब

1993 मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन को नागपुर सेंट्रल जेल में सुबह 7 बजे फांसी दे दी गई। 7 बजकर 10 मिनट पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे के मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान...

कड़ी सुरक्षा के बीच याकूब को दफनाया गया, पिता की कब्र के बगल में दफन हुआ याकूब
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Jul 2015 07:06 PM
ऐप पर पढ़ें

1993 मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन को नागपुर सेंट्रल जेल में सुबह 7 बजे फांसी दे दी गई। 7 बजकर 10 मिनट पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे के मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान में याकूब को दफना दिया गया। याकूब को उसके पिता की कब्र में दफनाया गया।

याकूब को आज सुबह नागपुर जेल में फांसी देने से पहले नाश्ता दिया गया था लेकिन उसने खाने से इंकार कर दिया। उसे धार्मिक किताब भी पढ़ने के लिए दी गई थी हालांकि यह साफ नहीं है कि उसने किताब पढ़ी या नहीं। याकूब पूरी रात सो भी नहीं पाया।

जिस वक्त याकूब को फांसी दी गई उस वक्त करीब 6 अधिकारी जेल में मौजूद थे और 2 कांस्टेबलों ने उसे फांसी पर लटकाया। फांसी की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई और इसकी वीडियो रिकॉर्डिग भी की गई। याकूब को फांसी दिए जाने तक उसके रिश्तेदारों सुलेमान मेमन और उस्मान मेमन को पास ही के एक होटल में रखा गया।

ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है 'याकूब को फांसी'

याकूब मेमन से संबंधित खबर ट्विटर पर शीर्ष स्थान पर ट्रेंड कर रही है। 'याकूब फांसी पर लटकाया गया' हैशटैग से ट्विटर उपयोगकर्ता अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं।

ट्विटर पर 10 ट्रेंडिंग हैशटैग में से तीन- 'याकूब फांसी पर लटकाया गया', 'भारत का इंसाफ' और 'मेमन' याकूब की फांसी से संबंधित हैं।

नागपुर जेल में दफनाने की थी चर्चा

माना जा रहा था कि याकूब मेमन का शव जेल परिसर में ही दफनाया जाएगा और उसके परिजनों को नहीं सौंपा जाएगा। फांसी के तुरंत बाद जो टीवी रिपोर्ट्स थीं उनके मुताबिक जेल प्रशासन ने याकूब का शव उसके परिवार को सौंपने से इंकार किया था।

आतंकवाद के मामलों में भी ऐसी प्रतिबद्धता दिखाएं: दिग्विजय

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरकार को आतंकवाद से संबंधित सभी मामलों में ऐसी ही प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए, जैसी मुंबई में 12 मार्च, 1993 को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट के लिए दोषी याकूब मेमन के मामले में दिखाई गई है। याकूब को फांसी दिए जाने के बाद दिग्विजय ने ट्वीट किया, "मैं आशा करता हूं कि सरकार और न्यायपालिका आतंकवाद से संबंधित सभी मामलों में दोषी की जाति और धर्म से ऊपर उठकर ऐसी ही प्रतिबद्धता दिखाएगी।"

याकूब को फांसी दिए जाने से दुखी हूं: थरूर

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि याकूब मेमन को फांसी दिए जाने से वह दुखी हैं। थरूर ने ट्वीट किया, इस बात से दुखी हूं कि हमारी सरकार ने एक इंसान को फांसी पर लटका दिया। राज्य प्रायोजित हत्याएं हमें हत्यारों के समकक्ष ला खड़ा करती हैं।'

तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा, ‘‘स बात के कोई प्रमाण नहीं हैं कि मृत्युदंड समस्या के निवारक के रूप में काम करता है। यह सिर्फ और सिर्फ प्रतिकार है और सरकार की अयोग्यता को दर्शाता है।’ उन्होंने कहा, किसी इंसान को निर्मम तरीके से फांसी पर लटका दिए जाने से कभी कहीं किसी आतंकवादी हमले को नहीं रोका जा सका है।’

याकूब को फांसी के बाद दिल्ली में अलर्ट

याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद दिल्ली में अलर्ट जारी कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ राजन भगत ने बताया कि पंजाब के गुरदासपुर में हुए आतंकवादी हमले को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस पहले से ही सतर्क है और शहर में अलर्ट जारी है। उन्होंने बताया अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा बलों को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें