फोटो गैलरी

Hindi Newsबारिश ने उत्तर भारत को सराबोर किया

बारिश ने उत्तर भारत को सराबोर किया

उत्तर भारत में भारी बारिश ने तापमान कम कर दिया तथा दिल्ली एवं अन्य महानगरों में जलजमाव होने और यातायात पर असर पड़ने की खबरें है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। हालांकि,...

बारिश ने उत्तर भारत को सराबोर किया
एजेंसीSat, 11 Jul 2015 08:57 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर भारत में भारी बारिश ने तापमान कम कर दिया तथा दिल्ली एवं अन्य महानगरों में जलजमाव होने और यातायात पर असर पड़ने की खबरें है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है।

हालांकि, विशेषज्ञों ने कहा है कि खरीफ के इस मौसम में बारिश किसानों को फायदा पहुंचाएगी क्योंकि धान जैसी फसलों की रोपाई जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में आज 147.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम की अब तक की सर्वाधिक बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया और यातायात अवरूद्ध हो गया।

लगातार बारिश से अधिकतम तापमान आज और कम हो गया और यह 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो मौसम के सामान्य औसत से नौ डिग्री कम है। यह पिछले 16 साल में जुलाई में सबसे कम है।
   
भारतीय मौसम विभाग के निदेशक बीपी यादव ने बताया, दिल्ली में 147.8 मिमी बारिश दर्ज की गई जो मौसम की अब तक की सर्वाधिक है। हालांकि कोई रिकार्ड नहीं टूटा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुबह के व्यस्त समय में लोग यातायात में फंस गए। कुछ लोगों ने जलजमाव वाली सड़कों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाली।
   
पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने उत्तराखंड में जनजीवन आज अस्त व्यस्त कर दिया। पहाड़ी इलाके में सड़कें भूस्खलन के मलबे से अवरूद्ध हो गई।

अधिकारियों ने चार धाम और मानसरोवर यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए एसडीआरएफ कर्मियों को नियुक्त किया है। पंजाब और हरियाणा के बड़े हिस्से में बारिश जारी है जिससे तापमान कम हुआ है जबकि जलजमाव से असुविधा हुई है।

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 46.9 मिमी बारिश हुई। अंबाला में 11.9 मिमी, करनाल में 10 मिमी, अमृतसर में 1.6 मिमी, लुधियाना में 60.8 मिमी और पटियाला में 5.5 मिमी बारिश हुई।

उत्तर प्रदेश में हल्की से भारी बारिश हुई। मथुरा में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें