फोटो गैलरी

Hindi Newsयूपी चुनाव में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम होगी

यूपी चुनाव में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम होगी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर लड़ेगी। राज्यसभा सांसद राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपने के साथ पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा के...

यूपी चुनाव में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम होगी
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 13 Jul 2016 01:23 AM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर लड़ेगी। राज्यसभा सांसद राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपने के साथ पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव प्रचार अभियान का खाका तैयार करने में जुट गई है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भाजपा को रोकने के साथ अपने प्रदर्शन में सुधार करने की चुनौती है। इसलिए पार्टी कोई कसर बाकी नहीं रखते हुए प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार में उतारने की तैयारी कर रही है। इस सिलसिले में प्रियंका ने मंगलवार को पार्टी महासचिव और प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद से मुलाकात की।

चुनाव में प्रियंका के प्रचार करने के बारे में सवाल किए जाने पर आजाद ने कहा कि अभी चुनावों की घोषणा नहीं हुई है और प्रचार भी शुरू नहीं हुआ है। आजाद के बयान से यह साफ हो गया है कि प्रियंका चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगी। पर उन्हें किस तरह प्रचार में उतारा जाए, इसको लेकर पार्टी के अंदर मंथन का दौर जारी है।

पार्टी बेहद सावधानी के साथ उन्हें चुनाव प्रचार में उतारेगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन बहुत मजबूत नहीं है। कांग्रेस अपना प्रदर्शन सुधारती है, तो भी उसके लिए सत्ता तक पहुंचना आसान नहीं है। ऐसे में प्रियंका गांधी को पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ चुनाव प्रचार में उतारेगी। ताकि चुनाव में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने की सूरत में भी उनकी लोकप्रियता और 'करिश्मे' पर कोई सवाल न उठे।

ताकत
प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार करने से कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा। कांग्रेस से ताल्लुक रखने वाले परिवार प्रियंका में इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। ऐसे में लोग उनसे जुड़ाव महसूस करते हैं। वह एक अच्छी वक्ता हैं और उन्हें कम शब्दों में अपनी बात लोगों तक पहुंचाने में महारत हासिल है। वह काफी मिलनसार हैं और लोगों से सीधे बात करने में यकीन रखती हैं।

कमजोरी
प्रियंका के अमेठी और राय बरेली के अलावा दूसरी जगह प्रचार करने पर भाजपा राॠबर्ट वाड्रा के कथित जमीन से जुड़े मुद्दे को उठा सकती है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी के साथ प्रचार करने से प्रियंका चुनाव प्रचार के केंद्र में नहीं आएंगी। इससे राॠबर्ट वाड्रा मामला भी कम उठेगा। पार्टी इस रणनीति पर गंभीरता से विचार कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें