फोटो गैलरी

Hindi Newsकानपुर रेल हादसे का मास्टरमाइंड होदा समेत 3 लोग नेपाल में अरेस्ट

कानपुर रेल हादसे का मास्टरमाइंड होदा समेत 3 लोग नेपाल में अरेस्ट

कानपुर में पिछले साल 20 नवंबर को हुए रेल हादसे के मुख्य साजिशकर्ता शम्स-उल-होदा को तीन लोगों के साथ नेपाल की राजधानी काठमांडू से गिरफ्तार किया गया है। काठमांडू पुलिस के डीआईजी पशुपति उपाध्याय ने...

कानपुर रेल हादसे का मास्टरमाइंड होदा समेत 3 लोग नेपाल में अरेस्ट
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 07 Feb 2017 03:21 PM
ऐप पर पढ़ें

कानपुर में पिछले साल 20 नवंबर को हुए रेल हादसे के मुख्य साजिशकर्ता शम्स-उल-होदा को तीन लोगों के साथ नेपाल की राजधानी काठमांडू से गिरफ्तार किया गया है। काठमांडू पुलिस के डीआईजी पशुपति उपाध्याय ने बताया कि होदा को सोमवार को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअडडे से हिरासत में लिया गया।  उन्होंने कहा, हमें जानकारी थी कि गत वर्ष कानपुर में हुए एक रेल हादसे में होदा वांछित है। इस हादसे में 150 लोगों की मौत हो गई थी।

होदा के गिरफ्तार तीन अन्य लोगों की पहचान बृज किशोर गिरि, आशीष सिंह और उमेश कुमार कुर्मी के रूप में हुई है। ये सभी दक्षिणी नेपाल के कलैया जिले के रहने वाले हैं। डीआईजी उपाध्याय ने बताया कि इंटरपोल के सहयोग से पुलिस होदा और अन्य तीन आरोपी अपराधियों को दुबई से नेपाल लाई। पुलिस ने बताया कि होदा नेपाल के बारा जिले में दोहरे हत्याकांड के एक मामले का मास्टरमाइंड है।

उपाध्याय ने बताया कि होदा के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों से संबंध है और वह नेपाल तथा भारत में कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ बारा की जिला अदालत में पहले से ही एक मामला दर्ज है। बिहार पुलिस ने जनवरी में तीन लोगों को गिरफ्तार कर दावा किया था कि वे भारतीय रेलवे को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम कर रहे थे। इसके बाद इस दुर्घटना में आईएसआई की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बिहार पुलिस के अनुसार इन तीनों आरोपियों को हुडा से जुड़े एक व्यक्ति ने तीन लाख रुपये दिये थे।

भारतीय जांच एजेंसियों को कानपुर रेल हादसे में साजिश के अहम सबूत मिले थे। नेपाल से गिरफ्तार ब्रिज किशोर गिरी के फोन से एक ऑडियो क्लिप मिला था। ऑडियो क्लिप में कानपुर रेल हादसे की साजिश की बातचीत है। नेपाल पुलिस ने एनआईए समेत तमाम जांच एजेंसियों को आडियो क्लिप सौंप दिए हैं। एनआईए ने हाल में तीन एफआईआर दर्ज की हैं। गिरफ्तार शमसूल होदा अभी नेपाल पुलिस की गिरफ्त में है।

रेल हादसा ISI की साजिश: बिहार पुलिस

17 जनवरी को बिहार पुलिस ने दावा किया था कि 20 नवंबर को कानपुर के पुखरायां के पास हुआ रेल हादसा ISI की साजिश का नतीजा था।  मोतिहारी के एसपी जितेंद्र राणा ने बताया था कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों ने ये खुलासा किया है। मुख्‍य आरोपी होदा ने इसके लिए फंडिंग की। जांच में सामने आया कि ये कारोबारी ISI को भी फंडिंग करता है। इस मामले में अब तक शमशुल के अलावा मोती पासवान, मुकेश यादव, उमाशंकर पटेल को घोड़ासहन से, ब्रजकिशोर, मुजाहिर अंसारी और शंभु गिरी को नेपाल से पकड़ा गया। जुबैर और जियाउल को दिल्ली से पकड़ा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें