फोटो गैलरी

Hindi Newsपीएम सदन में आकर अपनी भावनाएं प्रदर्शित करें : राहुल गांधी

पीएम सदन में आकर अपनी भावनाएं प्रदर्शित करें : राहुल गांधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले लगातार तेज कर रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी के बाद लोगों को होने वाली परेशानी पर प्रधानमंत्री के भावुक होने पर भी तंज कसा...

पीएम सदन में आकर अपनी भावनाएं प्रदर्शित करें : राहुल गांधी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 25 Nov 2016 06:17 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले लगातार तेज कर रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी के बाद लोगों को होने वाली परेशानी पर प्रधानमंत्री के भावुक होने पर भी तंज कसा है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी भावनाएं दिखानी है, तो वह संसद के अंदर आकर दिखाए।

संसद भवन परिसर में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री को सदन में आकर अपनी भावनाएं दिखानी चाहिए। नोटबंदी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान में एक कार्यक्रम के दौरान हंसे थे, इसके बाद कुछ रैलियों में रोए हैं। सदन भी उनकी इन भावनाओं को देखना चाहता है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में आए। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को सुने। अपनी बात भी रखें। हम उन्हें जनता की परेशानियां बताएंगे। वह हमें बताएं कि उन्होंने यह फैसला क्यों किया। बहस में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आखिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह छोटी सी बात क्यों नहीं समझ रहे हैं।

डराने धमकाने की जरूरत नहीं 
लोकसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, तो उन्हें सम्राट जैसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। प्रधानमंत्री को बहस में हिस्सा लेकर सदस्यों की चिंताओं पर जवाब देना चाहिए। खड़गे ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि डराने-धमकाने की जरूरत नहीं है। लोकसभा में 52 करोड़ लोगों ने वोट डाला था। भाजपा को सिर्फ 17 करोड़ वोट मिले थे। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री शायद खुद को सम्राट समझने लगे हैं और सम्राट की तरह चलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह देश सम्राट की तरह नहीं चलेगा। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें