राज्य में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा रहे हैं बादल: कांग्रेस
कांग्रेस ने पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह राज्य में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर अपनी नाकामियां छिपाने के लिए पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दूसरे...
कांग्रेस ने पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह राज्य में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर अपनी नाकामियां छिपाने के लिए पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दूसरे नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज यहां एक बयान में कहा कि उनकी पार्टी को देशभक्ति और राष्ट्रवाद पर सुखबीर सिंह बादल जैसे लोगों से नसीहत नहीं चाहिये, जिनके पिता और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने खालिस्तान आंदोलन के दौरान संविधान की प्रतियां जलाईं थीं।
उन्होंने कहा कि बादल और उनके पिता पंजाब में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गये हैं और कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
उल्लेखनीय है बादल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह अपने राजनीतिक फायदे के लिए आतंकवादियों के साथ सांठगांठ कर राज्य में अस्थिरता पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने गत 10 नवम्बर को अमृतसर में एक रैली में अलगाववादी और आतंकवादी तत्वों के साथ मंच साझा किया था। इस रैली में खालिस्तान बनाने के संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया गया था।