फोटो गैलरी

Hindi Newsविदेश विभाग में बना नियंत्रण कक्ष, नेपाल ने भारत को दिया धन्यवाद

विदेश विभाग में बना नियंत्रण कक्ष, नेपाल ने भारत को दिया धन्यवाद

नेपाल में आये विनाशकारी भूकंप के चलते विदेश मंत्रालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जो 24 घंटे सूचना एवं सभी प्रकार की मदद उपलब्ध करायेगा।   एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि 24 घंटे...

विदेश विभाग में बना नियंत्रण कक्ष, नेपाल ने भारत को दिया धन्यवाद
एजेंसीSat, 25 Apr 2015 05:30 PM
ऐप पर पढ़ें

नेपाल में आये विनाशकारी भूकंप के चलते विदेश मंत्रालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जो 24 घंटे सूचना एवं सभी प्रकार की मदद उपलब्ध करायेगा।
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि 24 घंटे चलने वाले इस नियंत्रण कक्ष के नंबर हैं - 911123012113, 911123014104 एवं 911123017905
    
विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने नेपाल के साथ एकजुटता दिखाते हुए कहा है कि संकट की इस घड़ी में भारत उसके साथ खड़ा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, हमारा यह प्रयास होगा कि प्रभावित लोगों को पूरा सहयोग एवं मदद दी जाये। नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय ने यहां कहा कि उनके देश को भारत से अन्य मदद के अलावा सचल चिकित्सा सहायता इकाइयों की आवश्यकता है।
    
उन्होंने भारत को आगे बढ़कर मदद की पेश करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ संपर्क में हैं। हमारे राष्ट्रपति उनके साथ संपर्क में हैं और उन्होंने हमें मदद देने की पेशकश की है। हमें सहायता देने के लिए नेपाल की ओर से मैं धन्यवाद देता हूं।
    
इस बीच, भारत ने अपना परिवहन विमान एवं सी 17 ग्लोबमास्टर, सी 130 हक्र्यूलिस एवं हेलीकाप्टरों को तैयार रहने को कहा है।

नेपाल में करीब 125 भारतीय फंसे
नेपाल में उच्च तीव्रता का भूकंप का झटका आने के बाद महाराष्ट्र और तेलंगाना के करीब 125 लोग इस हिमालयी देश में फंसे हुए हैं।

दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सूचना केंद्र के अधिकारियों के अनुसार नासिक से करीब 80 लोग तीर्थयात्रा के लिए नेपाल गए थे जबकि 15-20 लोग ट्रैकिंग अभियान पर थे।

महाराष्ट्र सूचना केंद्र के एक अधिकारी ने कहा कि हमें राज्य के लोगों की कॉल आ रही हैं लेकिन हम उनसे सम्पर्क नहीं बना पा रहे हैं। नासिक के करीब 80 लोग तीर्थयात्रा के लिए गए थे जबकि बाकी ट्रैकिंग के लिए गए थे।
     
इस बीच हैदराबाद से करीब 25 पर्यटक काठमांडू में हैं और वे सुरक्षित हैं। पर्यटकों को ले जाने वाले टूर ऑपरेटर गौरीशंकर ने बताया कि उनके समूह के सदस्य सुरक्षित हैं और वे पशुपतिनाथ मंदिर के पास स्थित एक खुले मैदान में आ गए हैं।
     
उन्होंने कहा कि मैं अपने होटल की चौथी मंजिल पर स्थित बाथरूम में था तभी मुझे झटके महसूस हुए। मैंने तत्काल एक चादर ली और नीचे भागा। अब हम सभी काठमांडो में पशुपतिनाथ मंदिर के पास स्थित एक खुले मैदान में हैं और सुरक्षित हैं।
      
गौरीशंकर ने कहा कि वे भाग्यशाली थे कि उनके होटल को कुछ भी नुकसान नहीं हुआ जबकि क्षेत्र की कुछ इमारतें धराशायी हो गई। हैदराबाद का समूह 17 अप्रैल को हैदराबाद से रवाना हुआ था और उसे वाराणसी में ठहरते हुए हैदराबाद लौटना है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें