फोटो गैलरी

Hindi Newsसंसद में गूंजेगी मगध की आवाज: पप्पू

संसद में गूंजेगी मगध की आवाज: पप्पू

युवा शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मधेपुरा के राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को यहां जन संवाद रैली में कहा कि मगध प्रमंडल के लोगों की आवाज संसद में गूंजेगी। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल...

संसद में गूंजेगी मगध की आवाज: पप्पू
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 18 Apr 2015 10:02 PM
ऐप पर पढ़ें

युवा शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मधेपुरा के राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को यहां जन संवाद रैली में कहा कि मगध प्रमंडल के लोगों की आवाज संसद में गूंजेगी। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल से शुरू हो रहे लोकसभा के सत्र में मगध को विशेष पैकेज व आर्थिक पैकेज देने की मांग पुरजोर तरीके से उठाएंगे। दो घंटे के लंबे भाषण में उन्होंने पंचायत से लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर और अन्ना से लेकर विराट-कोहली-अनुष्का शर्मा तक का जिक्र किया।

मगध का विकास सिर्फ पानी से नहीं होगा
गांधी मैदान में आयोजित इस रैली को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि जब तक मगध के गरीबों के दरवाजे तक खुशी नहीं पहुंचेगी तब तक चुप नहीं रहेंगे। मगध का विकास सिर्फ पानी से नहीं होगा। यह माध्यम हो सकता है। सिंचाई परियोजनाओं के साथ बंद चीनी मिल को चालू करना होगा। उन्होंने कहा कि कहा कि एक बार साथ दें, मगध का इतिहास नहीं बदले तो राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर मगध और कोसी को अलग से पैकेज देने की मांग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज मगध विश्वविद्यालय की स्थिति बाहर में ठीक नहीं है। यहां की डिग्री को फाड़कर फेंक दिया जाता है। 

जमीन पर बनी फैक्ट्री में किसान का शेयर होना चाहिए
उन्होंने कहा कि किसान की जमीन पर अगर फैक्ट्री होता उसमें उसका शेयर होना चाहिए। रेलवे या फैक्ट्री के लिए जमीन लेनी हो तो मुआवजे की जगह किसानों का शेयर होना चाहिए। किसानों के अनाज की कीमत उन्हें खुद तय करने देना चाहिए।

एक काम-एक दाम
यादव ने नियोजित शिक्षकों के मामले को उठाते एक काम-एक दाम की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक कुपोषित होंगे तो बिहार के बच्चों को कुपोषण से कैसे बाहर लाया जाएगा। वेतन बढ़ेगा तो क्वालिटी बढ़ेगी। शिक्षकों का पढ़ाई पर ध्यान रहेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने कहा कि वे सदन में दो सौ बार शिक्षा पर बोल चुके हैं।
 
प्राइवेट से बढ़िया होगा सरकारी अस्पताल
सांसद ने कहा कि अगर मौका मिला तो सूबे में गरीबों का कैंसर और किडनी का इलाज फ्री में होगा, प्राइवेट से बढ़िया सरकारी अस्पताल बनाएंगे। शिक्षा और अस्पताल पर विशेष जोर होगा। सरकारी अस्पताल और निजी क्लीनिकों की स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने मगध के लोगों से शराब पीना छोड़ने और पंचायतों में दलालों से जंग लड़ने की बात कही।

नक्सलवाद पर बोलते हुए कहा कि बंदूक व गोली से क्रांति नहीं आएगी। आम आदमी के भीतर विचारों की क्रांति से दुनिया बदलेगी। नक्सली भाईयों से कहा कि उन्हें वापस आना होगा और बंदूक को छोड़कर इतिहास लिखना होगा। उन्होंने गंदी राजनीति से सावधान रहने की बात कहते हुए नक्सलियों से कहा कि अब तक आपका केवल इस्तेमाल किया गया है। नक्सल के नाम पर पुलिस लोगों को तंग करती है। 

नीतीश ने वोट के लिए साइकिल बांटी
लालू-नीतीश के गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि झूल बोलने वालों की फैक्ट्री है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वोट के लिए लड़कियों को साइकिल दी। उन्होंने हर गांव में एक गर्ल्स स्कूल और तकनीकी शिक्षा पर जोर दिया। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के समर्थन में बोलते हुए कहा कि उन्होंने कई घोषणाएं गरीब व किसानों की हित में की।
क्या वे मुख्यमंत्री के रूप में अपने को प्रपोज कर रहे हैं, इस बात पर पप्पू यादव ने कहा कि सीएम बनने का सवाल नहीं है। कभी मौका मिला यानी किसी का सहयोगी बना तो विकास करूंगा। उन्होंने लालू-नीतीश के गठबंधन के सवाल पर कहा कि पहले वे जमात को मिलाएं।

इससे पहले स्थानीय सर्किट हाउस से पदयात्रा निकली। इसमें सांसद पप्पू यादव के अलावा औरंगाबाद, मधुबनी, समस्तीपुर, मगध प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए युवा शक्ति के कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंची।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल यादव और अध्यक्षता जितेंद्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव ने की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भवानी सिंह, उदय भारती, गोदावरी देवी, राहुल रंजन सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें