बाबरी मस्जिद के पक्षकार हाशिम अंसारी की तबीयत बिगड़ी
अयोध्या के राम मंदिर/ बाबरी मस्जिद विवाद में मुस्लिम पक्षकार हाशिम अंसारी को सांस लेने में तकलीफ के बाद शनिवार को उन्हें केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। यहां दिल की सेहत...
अयोध्या के राम मंदिर/ बाबरी मस्जिद विवाद में मुस्लिम पक्षकार हाशिम अंसारी को सांस लेने में तकलीफ के बाद शनिवार को उन्हें केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। यहां दिल की सेहत परखने के लिए कई तरह की जांचें कराई गई। डॉक्टरों का कहना है कि धूम्रपान की वजह से उनके सीने में जकड़न हो गई है। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर बनी हुई है।
शनिवार सुबह सांस लेने में तकलीफ व सीने में दर्द के बाद फैजाबाद के जिला अस्पताल से हाशिम अंसारी को करीब डेढ़ बजे केजीएमयू रेफर किया गया था। शाम चार बजे वह केजीएमयू पहुंचे। यहां उन्हें लॉरी कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। लारी के डॉ. अक्षय प्रधान और पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के निर्देशन में इलाज शुरू हुआ। कई तरह की जांच हुई हैं। डॉ. वेद के मुताबिक हासिम अंसारी की तबीयत बेहतर है। वह बोल भी पा रहे हैं।
ठीक काम कर रहा पेसमेकर
केजीएमयू के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वेद प्रकाश के मुताबिक हाशिम अंसारी को कुछ समय पहले दिल की बीमारी के बाद पेसमेकर लगाया गया था। सबसे पहले पेसमेकर की जांच की गई। जो कि ठीक काम कर रहा है। उसके बाद ईको कार्डियोग्राम जांच कराई गई। ईसीजी व खून की दूसरी जांच कराई गई है।
सुबह बिगड़ी थी हालत
हाशिम अंसारी की शनिवार उस वक्त तबीयत बिगड़ी जब वह फैजाबाद स्थित घर में धूप सेंक रहे थे। अचानक सांस लेने में तकलीफ बढ़ी। सीने में दर्द भी महसूस हुआ। सुरक्षा गार्ड और उनके बेटे इकबाल अंसारी ने उन्हें नजदीकी राजकीय श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फैजाबाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार ने उनकी प्राथमिक जांच की। उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें केजीएमयू रेफर कर दिया। हाशिम अंसारी की देखरेख के लिए उनके बेटे इकबाल, उनकी बहू, पौत्र अखलाक अंसारी भी आए हैं।