फोटो गैलरी

Hindi Newsयूपी का गौरव बन गईं हैं गोण्डा की अनुराधा, जान कर आप भी करेंगे नाज़

यूपी का गौरव बन गईं हैं गोण्डा की अनुराधा, जान कर आप भी करेंगे नाज़

किताब-कॉपी की छोटी सी दुकान करने वाले बाबुल की लाडली बिटिया ने कमाल कर दिया। हौंसले और प्रतिभा के बल पर गोण्डा की बेटी अब यूपी का गौरव बन गई है। उसकी कामयाबी पर परिवार क्या, पूरा शहर नाज कर रहा है।...

यूपी का गौरव बन गईं हैं गोण्डा की अनुराधा, जान कर आप भी करेंगे नाज़
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 14 Feb 2016 09:20 AM
ऐप पर पढ़ें

किताब-कॉपी की छोटी सी दुकान करने वाले बाबुल की लाडली बिटिया ने कमाल कर दिया। हौंसले और प्रतिभा के बल पर गोण्डा की बेटी अब यूपी का गौरव बन गई है। उसकी कामयाबी पर परिवार क्या, पूरा शहर नाज कर रहा है। गरीब बाप की आंखों में खुशी के आंसू हैं तो मां खुशी से फूले नहीं समा रही। गुरुत्वाकर्षण तरंगों की खोज से ब्रह्मांड को नए तरीके से समझने पर शोध करने वाले वैज्ञानिकों के दल में गोण्डा की बेटी अनुराधा गुप्ता भी शामिल है। अभावों के बाद भी अनुराधा ने कामयाबी का हर सफर तय किया है।

गरीबी से बुने गए कामयाबी के ख्वाब
शहर के पटेलनगर मोहल्ले में छोटी सी दुकान करने वाले रामसुन्दर गुप्ता की पांच बेटियां हैं, पांचों होनहार हैं। तीसरे नम्बर पर अनुराधा हैं। स्नातक तक की शिक्षा एलबीएस से हासिल करने के बाद उसने बीएचयू से एमएससी में टॉप किया। इसके बाद उसका चयन टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च में हुआ। यहीं से वो से पुणे के अन्तरविश्वविद्यालय केन्द्र खगोल विज्ञान एवं खगोल शास्त्र (आयुका) में पहुंचीं। यहां के बाद लाइगो की ओर से गुरुत्वार्कषण तरंगों की खोज के लिए वैज्ञानिकों की टीम में शामिल होकर खोज को नया आयाम दिया। रिसर्च संस्थान से आयुका और खोज तक के सफर में अनुराधा ने कई देशों का भ्रमण भी किया। बिटिया की सफलता से पिता रामसुन्दर गुप्ता और मां सत्यवती देवी गर्व महसूस कर रहे हैं।

विज्ञान से युवाओं को जोड़ने की मुहिम
शोध वैज्ञानिक अनुराधा विज्ञान से युवाओं को जोड़ने की मुहिम भी चला रही हैं। स्कूलों व कालेजों में युवाओं, छात्राओं को वे विज्ञान के प्रति अभिरुचि पैदा कर रही हैं। उनका कहना है कि हम विज्ञान को कठिन विषय मानते हैं और रुचि कम दिखाते हैं। ऐसा नहीं है, विज्ञान बहुत सरल है। जरुरत है आत्मविश्वास की। गोण्डा व लखनऊ के स्कूलों में वह अभियान चला चुकी हैं। उनकी बड़ी बहन राजश्री गुप्ता ने यूपी में विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें