फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन जल्द

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन जल्द

बिहार की तर्ज पर कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सांप्रदायिकता का जवाब जातीय समीकरणों से देगी। इसको ध्यान में रखते हुए पार्टी जल्द प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन कर सकती है। पार्टी के...

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन जल्द
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 01 May 2016 10:50 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार की तर्ज पर कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सांप्रदायिकता का जवाब जातीय समीकरणों से देगी। इसको ध्यान में रखते हुए पार्टी जल्द प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन कर सकती है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, नई टीम में समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जाएगी।

पुनर्गठन में उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे रणनीतिकार प्रशांत किशोर के सुझावों को भी ध्यान में रखा जाएगा। नई टीम का ऐलान 30 मई से पहले होने की उम्मीद है। कांग्रेस यूपी में ब्राह्मण-मुस्लिम समीकरणों को फिर जीवित करना चाहती है। इसके साथ पासी मतदाता भी कांग्रेस की चुनावी रणनीति के केंद्र में रहेंगे।

मुख्यमंत्री के लिए राहुल का नाम 
पार्टी के एक नेता ने कहा कि प्रशांत किशोर किसी ब्राह्मण नेता को मुख्यमंत्री के तौर पर पेश कर चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और शीला दीक्षित सहित कई नेताओं के नाम लिए जा रहे हैं। दीक्षित का प्रदेश कांग्रेस के नेता विरोध कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस के किसी सवर्ण नेता को चुनाव में चेहरा बनाएगी।

भाजपा से मुकाबला
प्रशांत किशोर का मानना है कि जातीय समीकरणों के अलावा किसी दूसरे हथियार से भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे का मुकाबला नहीं किया जा सकता। दलित और ओबीसी समुदाय के पास कई नेता है। ऐसे में सवर्ण और मुस्लिम के साथ दूसरी जातियों को मिलाकर मजबूत गठजोड़ बन सकता है।

लोस की तरह विस 
प्रशांत किशोर मानते हैं कि उत्तर प्रदेश चुनाव अगले लोकसभा चुनाव में बेहद अहम भूमिका निभाएंगे। इस चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहती है, तो उसके लिए लोकसभा आसान नहीं होगा। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन सुधरता है, तो लोकसभा में उम्मीद बढ़ जाएगी। इसलिए कांग्रेस को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लोकसभा की तरह लड़ना चाहिए।

प्रियंका को प्रोजेक्ट नहीं कर रही कांग्रेस
कांग्रेस सांसद व अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी को पार्टी प्रोजेक्ट नहीं कर रही है। संगठन स्तर पर इस तरह की कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी राज्य में किसी दल से गठबंधन के मूड में नहीं है। पुनिया ने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर के सर्वे का संगठन से कोई मतलब नहीं है। वह प्रचार का तरीका है, जो चलता रहेगा। प्रशांत को जो जिम्मेदारी दी गई है उससे कांग्रेसियों में असंतोष नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें