फोटो गैलरी

Hindi Newsमहाराष्ट्र: डोंबिवली में केमिकल फैक्टरी में धमाका , 5 मरे, 159 घायल

महाराष्ट्र: डोंबिवली में केमिकल फैक्टरी में धमाका , 5 मरे, 159 घायल

मुंबई से लगभग 40 किलोमीटर दूर ठाणे जिले के डोंबिवली एमआईडीसी स्थित एक केमिकल फैक्टरी के बॉयलर में धमाका होने से 5 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 159 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती...

महाराष्ट्र: डोंबिवली में केमिकल फैक्टरी में धमाका , 5 मरे, 159 घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 26 May 2016 08:02 PM
ऐप पर पढ़ें

मुंबई से लगभग 40 किलोमीटर दूर ठाणे जिले के डोंबिवली एमआईडीसी स्थित एक केमिकल फैक्टरी के बॉयलर में धमाका होने से 5 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 159 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

गुरूवार की सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे एमआईडीसी फेस-2 में एक प्राइवेट केमिकल फैक्टरी में धमाका हुआ। महाराष्ट्र सरकार ने इस धमाके की घटना की जांच का आदेश दिया है। ठाणे के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि धमाके के दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

 

राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थानीय प्रशासन से बात करके राहत और बचाव कार्य तेजी से करने का निर्देश दिया। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद राज्य के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने कहा कि मुख्यमंत्री से बात करके यहां के केमिकल फैक्टरी को अंबरनाथ में स्थानांतरित किया जा सकता है। क्योंकि, केमिकल फैक्टरी के कारण स्थानीय लोगों को तकलीफ होती है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक केमिकल फैक्टरी के आसपास के रहिवासियों को सुरक्षा के लिए मास्क पहनने को कहा गया है। क्योंकि, कुछ लोगों ने धमाके के बाद मिचली और उल्टी होने की शिकायत की है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो किलोमीटर तक घर हिलने का एहसास हुआ और कई घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए हैं। इलाके के 16 इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

घायलों को निकट के कई अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पालक मंत्री शिंदे ने कहा है कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। पांच से अधिक फायर ब्रिगेड के इंजनों का इस्तेमाल घटना स्थल पर आग बुझानेे के लिए किया गया। एनडीआरएफ की टीम भी राहत कार्य में जुटी है।

मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना स्थल को पूरी तरह से सील कर दिया गया है ताकि बचाव और राहत कार्य किया जा सके। इस बीच राज्य के गृह राज्यमंत्री राम शिंदे ने इस धमाके में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करके कहा-मैं इस दुर्घटना से दुखी हूं। मैंने पुलिस अफसरों और स्थानीय प्रशासन से बात की है और उन्हें तेजी से राहत कार्य करने का निर्देश दिया है। मैं उनके संपर्क में हूं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें