गर्भावस्था में दही का सेवन सही
गर्भावस्था में दही खाने से महिलाओं की सेहत सही रहती है और अजन्मे बच्चे को भी फायदा पहुंचता है। वेबसाइट बेबी सेंटर की हालिया रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने यह दावा किया है। शोधकर्ताओं के मुताबिक दही का...
गर्भावस्था में दही खाने से महिलाओं की सेहत सही रहती है और अजन्मे बच्चे को भी फायदा पहुंचता है। वेबसाइट बेबी सेंटर की हालिया रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने यह दावा किया है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक दही का पाचन बेहद आसान होता है। इसमें मौजूद कैल्शियम और प्रोटीन बच्चे के उचित विकास में सहायक होते हैं। इसके अलावा दही में गुड बैक्टीरिया (प्रोबायोटिक्स) होते हैं जो बैड बैक्टीरिया से लड़ने में सहायक होते हैं। इस तरह से बीमारी से लड़ने के लिए प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है, जिससे महिला और बच्चे दोनों के बीमार होने का डर भी खत्म हो जाता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक गर्भावस्था में दही के सेवन से मां और बच्चे दोनों स्वस्थ रहते हैं।
ये हैं पांच फायदे
शरीर रहता है ठंडा
गर्भावस्था के दौरान मसालेदार खाने की इच्छा होती है। इससे एसिडिटी और हार्ट बर्न का डर बढ़ जाता है। अत: मसालेदार खाद्य पदार्थों के साथ दही खाना अच्छा उपाय है। शरीर को ठंडा रखने के लिए महिलाएं मसालेदार खाने के साथ दही खा सकती हैं।
कैल्शियम की ‘गोली’
यह कैल्शियम का भंडार होती है, इसलिए इस पोषक तत्व की दवा की तरह असर कती है। कैल्शियम भ्रूण की हड्डियों, मांसपेशियों और दांतों के विकास के लिए आवश्यक होता है। यह गर्भावस्था के दौरान महिलाओं में होने वाली कैल्शियम की कमी को रोकता है। यह दही से होने वाला सबसे अच्छा स्वास्थ्य लाभ है।
रक्तचाप रहेगा संतुलित
गर्भावस्था में उच्च रक्तचाप का खतरा होता है। दही इससे बचाव करने में सहायक होता है। यह दिल के लिए भी अच्छी होती है क्योंकि कोलेस्ट्रॉल को कम करती है।
बीमारियों का डर कम
दही में उपस्थित अच्छे जीवाणु संक्रमण पैदा करने वाले नुकसानदायक बैक्टीरिया से लड़ने में सहायक होते हैं। ये पेट में प्रोबायोटिक्स की संख्या बढ़ाते हैं जो पोषक तत्वों के अवशोषण में सहायक होते हैं।
तनाव मुक्त का एहसास
गर्भवती महिलाओं के लिए तनाव और चिंता बहुत सामान्य समस्याएं हैं। दही गर्भावस्था के दौरान तनाव को कम करने में सहायक होता है क्योंकि यह मस्तिष्क में उपस्थित भावनाओं के केंद्र को शांत करता है जो गर्भावस्था के दौरान अतिसक्रिय हो जाता है।