फोटो गैलरी

Hindi Newsगोलीबारी में घायल सपा पूर्व पार्षद हाजी फाको की मौत

गोलीबारी में घायल सपा पूर्व पार्षद हाजी फाको की मौत

हमलावरों की गोलियां लगने से घायल सपा के पूर्व पार्षद हाजी फाको ने गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद आनंद अस्पताल में किन्नरों और परिजनों ने बवाल कर दिया। किन्नरों ने उपचार में लापरवाही और...

गोलीबारी में घायल सपा पूर्व पार्षद हाजी फाको की मौत
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 18 May 2017 09:13 PM
ऐप पर पढ़ें

हमलावरों की गोलियां लगने से घायल सपा के पूर्व पार्षद हाजी फाको ने गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद आनंद अस्पताल में किन्नरों और परिजनों ने बवाल कर दिया। किन्नरों ने उपचार में लापरवाही और हाजी फाको को लगी एक गोली शरीर से नहीं निकालने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। तीमारदारों और स्टाफ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अस्पताल के शीशे और सामान तोड़ डाला। अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्डों, बाउंसरों और स्टाफ को बंधक बना लिया। सूचना के बावजूद मुट्ठी भर पुलिस अस्पताल पहुंची, जिसे किन्नरों ने दौड़ा लिया। सड़क पर भी जाम लगा दिया। बाद में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए गए। करीब एक घंटे तक किन्नर अस्पताल पर कब्जा जमाए रहे।

श्यामनगर में डीके फैक्ट्री निवासी सपा के पूर्व पार्षद और किन्नर हाजी फाको को उनके ही घर में घुसकर 16 मई की दोपहर दो हथियारबंद हमलावरों ने गोलियां मार दी थी। हाजी फाको को पांच गोलियां मारी गईं। उन्हें आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका ऑपरेशन हुआ था।

गुरुवार सुबह हाजी फाको की मौत हो गई। दोपहर बाद उनके शव का एक्सरे कराया गया। किन्नरों का आरोप है कि एक्सरे में फाको के शरीर में एक गोली रह गई दिखाई दे रही थी। इसके बाद माहौल भड़क गया। 40 से 50 किन्नरों ने हाजी फाको के परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों के साथ शाम करीब छह बजे आनंद अस्पताल पर धावा बोल दिया। तीमारदारों और स्टाफ को मारपीट कर दौड़ा लिया। कुछ किन्नरों ने अस्पताल के गेट को बंद कर लिया।

सिक्योरिटी और गार्ड बीच में आए तो उन्हें बंधक बना लिया। इस दौरान अस्पताल में शीशे के गेट, रिशेप्शन काउंटर, मेडिकल स्टोर, मंदिर और आसपास केबिन में लगे शीशे तोड़ डाले। हंगामा होते ही अस्पताल में भगदड़ मच गई। तीमारदार और स्टाफ चीखते-चिल्लाते अस्पताल से बाहर दौड़ने लगे। किन्नरों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल किया। सूचना के बाद मेडिकल पुलिस और एसओ मेडिकल मोहम्मद असलम मौके पर पहुंचे तो उनसे भी मारपीट कर दी।

हालात काबू में करने के लिए कई थानों की फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पुलिस किन्नरों के सामने हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रही। किन्नरों ने उपचार में खर्च की पूरी रकम वापस करने और डाक्टरों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

दूसरी ओर इस केस में संदेह के घेरे में आए लोगों के घर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इस हत्याकांड में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिसे लेकर भी लोगों का गुस्सा फूटा। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी सिटी ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के लिए मेडिकल पुलिस को लगाया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें