भ्रष्टाचार में धामपुर नगर पालिका ईओ निलंबित
टेंडर बिक्री में हेराफेरी करने और स्टांप शुल्क दो फीसदी में गड़बड़ी कर भ्रष्टाचार के आरोप में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/ प्रभारी स्थानीय निकाय मदन सिंह गर्ब्याल ने धामपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी...
टेंडर बिक्री में हेराफेरी करने और स्टांप शुल्क दो फीसदी में गड़बड़ी कर भ्रष्टाचार के आरोप में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/ प्रभारी स्थानीय निकाय मदन सिंह गर्ब्याल ने धामपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही धामपुर ईओ की अतिरिक्त चार्ज वाली शेरकोट, अफजलगढ़ नगर पालिकाओं में भी नए अधिकारी की तैनाती कर दी है। जिलाधिकारी कार्यालय से यह आदेश शनिवार को जारी हुए । ईओ के निलंबन में नगर विकास निदेशालय उप्र निदेशक राकेश कुमार सिंह के आदेश का भी हवाला दिया गया है। आदेश के मुताबिक 14वें वित्त आयोग व दो प्रतिशत स्टांप शुल्क आदि के टेंडरों, बिक्री की हेराफेरी व भ्रष्टाचार के अन्य मामलों में आयुक्त मुरादाबाद की रिपोर्ट पर ईओ धामपुर सुरेंद्र सिंह को निलंबित किया गया है। उन्हें जिला मुख्यालय पर अटैच करने के भी आदेश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/ प्रभारी स्थानीय निकाय मदन सिंह गर्ब्याल ने बताया कि सुरेंद्र सिंह को अग्रिम आदेश तक जिला मुख्यालय से अटैच किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत मंडावर के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार को धामपुर नगर पालिका का कार्यभार भी दिया गया है। इसके साथ ही नगीना नगर पालिका ईओ हरिलाल पटेल को शेरकोट पालिका का ईओ बनाया गया है। नगर पंचायत सहसपुर ईओ नीलाम शल्या को अफजलगढ़ नगर पालिका का भी अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।