फोटो गैलरी

Hindi Newsभड़काऊ होर्डिंग लगवाने पर अमित जानी गिरफ्तार

भड़काऊ होर्डिंग लगवाने पर अमित जानी गिरफ्तार

कश्मीरियों के खिलाफ शहरभर में होर्डिंग लगाकर माहौल खराब करने वाले उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी को परतापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। वह दिल्ली से...

भड़काऊ होर्डिंग लगवाने पर अमित जानी गिरफ्तार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 23 Apr 2017 12:40 AM
ऐप पर पढ़ें

कश्मीरियों के खिलाफ शहरभर में होर्डिंग लगाकर माहौल खराब करने वाले उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी को परतापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। वह दिल्ली से मेरठ की ओर आ रहा था, तभी जनपद के बॉर्डर पर उसे पकड़ लिया गया। अमित ने शनिवार को ही स्पेशल सीजेएम कोर्ट में सरेंडर अर्जी डाली थी, इससे पहले ही उसे पुलिस ने धर दबोचा। उधर, अमित के जवाब में आज एआईएमआईएम की ओर से भी शनिवार को शहर में पोस्टर लगवा दिए गए। इसमें प्रदेश प्रवक्त्ता शादाब चौहान ने कहा है कि कश्मीरियों यूपी में रहो, हम तुम्हारे साथ हैं। यूपी किसी की जागीर नहीं है।

अमित जानी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने चार टीमें लगा रखी थीं। सटीक इनपुट पर एक टीम एसपी सिटी के निर्देशन में शनिवार दोपहर दिल्ली गई थी। वहां जानकारी मिली कि अमित जानी मेरठ रवाना हो गया है। वायरलेस पर अलर्ट जारी कर दिया गया। दिल्ली-दून हाईवे पर जनपद के बॉर्डर पर परतापुर पुलिस ने शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। रात में पुलिस उसे लेकर थाने पहुंची। एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि रविवार को आरोपी को स्पेशल सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमित जानी ने शनिवार को ही अपने अधिवक्ता केके पाहवा के जरिये स्पेशल सीजेएम कोर्ट में सरेंडर अर्जी डलवाई थी।

अमित जानी ने कश्मीर में भारतीय सेना पर हो रही पत्थरबाजी का जिक्र करते हुए कश्मीरियों के खिलाफ शहरभर में होर्डिंग्स लगवाए थे। इसके बाद परतापुर पुलिस ने उसके खिलाफ भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज किया था। एक दिन पहले ही डीएम व एसएसपी ने सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचकर हॉस्टल में रहने वाले कश्मीरी छात्रों को पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया था। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुक्रवार को कश्मीरियों की सुरक्षा के संबंध में राज्यों की पुलिस को दिशा-निर्देश जारी किए थे।

एफआईआर के बाद भी डाला वीडियो

विवादित होर्डिंग लगाने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अमित जानी ने शनिवार सुबह फेसबुक लाइव पर एक और विवादित वीडियो जारी किया। इसमें उसने कश्मीरियों पर फिर विवादित टिप्पणी की। इतना ही नहीं गृहमंत्री पर भी अमर्यादित टिप्पणी की। यह वीडियो करीब आठ मिनट का है।

नारेबाजी का मसला फिर उठा

सच संस्था के संदीप पहल ने तीन साल पुराने एक मामले को तूल दिया है। 2014 में एक निजी विवि में भारत-पाक मैच के दौरान वहां हॉस्टल में रह रहे कश्मीरी छात्रों ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए थे। उनके खिलाफ जानी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। संदीप पहल ने कहा कि सपा सरकार ने इन छात्रों से राष्ट्रदोह की धारा हटा दी थी। इस मामले में अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। उन्होंने जानी थाना पुलिस द्वारा इस प्रकरण में किए खेल के बाबत कोर्ट में लड़ाई लड़ने की बात कही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें