फोटो गैलरी

Hindi Newsमहाशक्ति के सामने मिट जाती है दलगत भेदभाव

महाशक्ति के सामने मिट जाती है दलगत भेदभाव

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो। इन दिनों पूरा रांची महाशक्ति मां दुर्गे की भक्ति में सराबोर है। महिला हो या पुरुष, सभी अनुष्ठान में लगे हैं। इसमें कई दलों के नेता भी दलगत भावना से ऊपर उठ कर हिस्सा ले रहे...

महाशक्ति के सामने मिट जाती है दलगत भेदभाव
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 01 Oct 2014 12:46 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो। इन दिनों पूरा रांची महाशक्ति मां दुर्गे की भक्ति में सराबोर है। महिला हो या पुरुष, सभी अनुष्ठान में लगे हैं। इसमें कई दलों के नेता भी दलगत भावना से ऊपर उठ कर हिस्सा ले रहे हैं। मां के दरबार में न तो कोई भाजपाई है और न ही कांग्रेसी। सभी मिलजुल कर अनुष्ठान को पूरा करने में लगे हैं। वहीं दूसरी ओर नेता मौका देखकर राजनीति चमकाने से भी नहीं चूक रहे हैं। विधानसभा चुनाव सिर पर है।

चुनाव को ध्यान में रखकर नेता मां भगवती के साथ-साथ जनता का भी आशीर्वाद लेने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। होर्डिंग और तोरण द्वारों में दिख रही राजनीति : राजधानी के सभी मुख्य मार्ग तोरण द्वार और होर्डिंग से पटे पड़े हैं। पूजा पंडाल में तो सर्वदलीय सद्भाव दिख रहा है, लेकिन तोरण द्वारों और होर्डिंग में राजनीति की झलक दिखायी दे रही है। छोटे से लेकर बड़े नेताओं के चेहरे तोरण द्वारों और होर्डिंग में चमक रहे हैं।

विधायकों और टिकट के दावेदारों में होड़ मची है। कुछ दिनों बाद विधानसभा चुनाव होना है। इसी बहाने पर पूजा पंडालों में नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। नेता पंडालों में घूम-घूम कर जनता का आशीर्वाद ले रहे हैं। तीन दस्ता सक्रिय : महानगर दुर्गा पूजा समिति की ओर से विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवा दस्ता और सुरक्षा दस्ता का गठन किया गया है। इन दस्तों को विभिन्न पूजा पंडालों में तैनात किया गया है। इसमें अधिकांश भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य शामिल हैं।

इसके अलावा मां काली सेना का गठन किया गया है, जिसके सदस्य भी पंडालों में विधि व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। बिहार क्लब यहां महानगर दुर्गा पूजा समिति द्वारा पूजा का आयोजन किया जाता है। इस पूजा समिति के संरक्षक पूर्व कांग्रेस सांसद सुबोधकांत सहाय है, वहीं भाजपा के प्रणव बब्बू, झाविमो के राजीव रंजन मिश्रा सहित कांग्रेस और भाजपा के अनेक नेता इससे जुड़े हुए हैं। कोकर कोकर में कांग्रेस के चंचल चटर्जी द्वारा भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाता है, जिसमें भाजपा के प्रदीप सिन्हा और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहयोग कर रहे हैं।

हरमू पंच मंदिर में झामुमो के विनोद कुमार पांडेय, मनोज पांडेय और आजसू के प्रदीप अग्रवाल मिलजुल कर पूजा मनाते हैं। यहां दोनों दलों के समर्थक अनुष्ठान को सफल बनाने में लगे हुए हैं। कांटाटोली यहां नेताजी क्लब द्वारा आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाता है। इस क्लब से कांग्रेस के कुमार एस चक्रवर्ती तथा आजसू के सुरेश साहू जुड़े हुए हैं। मोरहाबादी गीतांजलि क्लब की ओर से भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है। यहां पूजा में झाविमो के राजीव रंजन प्रसाद, भाजपा के पूर्व सांसद संजय सोनी, मनोज गुप्ता, विनोद झा दिन-रात लगे हुए हैं।

बकरी बाजार भारतीय युवक संघ द्वारा भव्य पूजा पंडाल बनाया जाता है। इस संघ से पूर्व राज्यसभा सदस्य सह भाजपा नेता अजय मारू और अशोक चौधरी जुड़े हुए हैं। इसी तरह सत्य अमर लोक पूजा समिति के संरक्षक रांची के विधायक सीपी सिंह हैं। रांची स्टेशन आजसू पार्टी के मुनचून राय तथा उनके समर्थकों द्वारा पूजा किया जाता है। पिछले साल यहां के पूजा पंडाल को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला था। इस साल भी काफी आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है।

कई पंडालों पर राजनीति की छाया कई पंडालों पर दल विशेष की छाप दिखती है। बिहार क्लब में कांग्रेस का दबदबा है, तो हिनू युनाईटेड क्लब (बिहारी मंडप) में भाजपा का। हरमू स्थित पंच मंदिर पूजा पंडाल पर झामुमो का प्रभाव दिखता है। पंडालों का उद्घाटन कौन कर रहा है, इससे भी कहीं न कहीं राजनीति दिखती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें