फोटो गैलरी

Hindi Newsवेस्ट दिल्ली में करंट लगने से टेंट कर्मचारी की मौत

वेस्ट दिल्ली में करंट लगने से टेंट कर्मचारी की मौत

नई दिल्ली। वरिष्ठ संवाददाता पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक टेंट कर्मचारी की करेंट लगने से मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे माता चनना देवी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित...

वेस्ट दिल्ली में करंट लगने से टेंट कर्मचारी की मौत
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 11 Jul 2014 10:18 PM
ऐप पर पढ़ें

नई दिल्ली। वरिष्ठ संवाददाता पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक टेंट कर्मचारी की करेंट लगने से मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे माता चनना देवी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को डीडीयू अस्पताल से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने देर शाम को शव को दुकान के बाहर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला दर्ज करने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक जनकपुरी स्थित पोसंगीपुरी इलाके में बिंद्रा टेंट हाउस है। यहां पर 35 वर्षीय धौला पासवान काम करता था। धौला इसी इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में उसकी पत्नी, दो लड़के और दो लड़कियां हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे उसे दुकान की सफाई के लिए बुलाया गया। इसी दौरान जब वह पतीला उतार रहा था तो अचानक करंट की चपेट में आ गया। बाद में जब गार्ड दुकान के अंदर आया तो देखा कि वह जमीन पर गिरा है।

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। परिजनों ने शाम को टेंट हाउस के बाहर शव को रखकर प्रदर्शन किया। वे शवदाह करने से इंकार कर रहे थे। बताया जाता है कि मालिक ने पहले तो परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजे का वादा किया मगर शाम को उसने न फोन उठाया और न संपर्क किया। इसी से नाराज होकर परिजनों ने प्रदर्शन किया।

फिलहाल पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें