फोटो गैलरी

Hindi Newsसाइकिल रिक्शा चालकों को निगम देगा स्मार्ट कार्ड

साइकिल रिक्शा चालकों को निगम देगा स्मार्ट कार्ड

नई दिल्ली संजय कुशवाहा। उत्तरी दिल्ली के तीन लाख से ज्यादा रिक्शा चालकों को नगर निगम स्मार्ट कार्ड देगा। इसमें रिक्शा चालकों की पूरी जानकारी मौजूद होगी। साइकिल रिक्शा को खासतौर पर महिलाओं के लिए...

साइकिल रिक्शा चालकों को निगम देगा स्मार्ट कार्ड
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 16 Sep 2014 01:07 AM
ऐप पर पढ़ें

नई दिल्ली संजय कुशवाहा। उत्तरी दिल्ली के तीन लाख से ज्यादा रिक्शा चालकों को नगर निगम स्मार्ट कार्ड देगा। इसमें रिक्शा चालकों की पूरी जानकारी मौजूद होगी। साइकिल रिक्शा को खासतौर पर महिलाओं के लिए ज्यादा सुरक्षित बनाने वाली इस अनूठी योजना के लिए कंपनियों से निगम ने आवेदन मांगे हैं।

ई-रिक्शा पर लगी पाबंदी के बाद साइकिल रिक्शा एक बार फिर से छोटी दूरी के परिवहन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गए हैं। ई-रिक्शा पर चल रही ऊहापोह के बीच उत्तरी दिल्ली नगर निगम साइकिल रिक्शा चालकों के लिए बड़ी योजना की तैयारी कर रहा है।

निगम अपने क्षेत्र में चलने वाले सभी रिक्शा चालकों को स्मार्ट जारी करने जा रहा है। इसमें रिक्शा चालक का नाम, उसका पूरा पता व अन्य जानकारियां मौजूद होंगी। यूनीक होलोग्राम वाले यह स्मार्ट कार्ड एक तरह से रिक्शा चालक के लिए लाइसेंस की तरह काम करेगा। इसके साथ ही रिक्शा मालिकों को सभी रिक्शा का पंजीकरण कराना होगा। पूरी योजना पर एक करोड़ 28 लाख रुपये खर्च आने की उम्मीद है। रिक्शों की संख्या पर पाबंदी नहीं: एकीकृत नगर निगम के समय पूरी दिल्ली के लिए रिक्शों की संख्या 99 हजार रखी गई थी।

लेकिन, तीनों निगमों के विभाजन के बाद इनकी संख्या निर्धारित करने का प्रावधान नहीं किया गया। रिक्शों की तादाद में भी भारी इजाफा हुआ। फिलहाल सात लाख से ज्यादा रिक्शे दिल्ली में होने का अनुमान किया जा रहा है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम भी रिक्शों की संख्या पर पाबंदी नहीं रखने जा रहा। इसलिए रिक्शों की संख्या कितनी भी हो सकती है, बस उसका पंजीकरण और चालक को स्मार्ट कार्ड लेना होगा। बढ़ेगी महिलाओं की सुरक्षा: रिक्शा चालकों को स्मार्ट कार्ड जारी करने से महिलाओं की सुरक्षा में इजाफा होगा।

अभी रिक्शा चालकों की कोई पहचान नहीं होती। इसलिए बाद में अगर उन्हें ढूंढना हो तो यह बेहद मुश्किल काम साबित होता है। जबकि, स्मार्ट कार्ड जारी होने के बाद क्षेत्र विशेष में चलने वाले सभी रिक्शों के बारे में पूरी जानकारी मौजूद होगी। जोन कार्यालयों से जारी होगा स्मार्ट कार्ड: रिक्शा चालकों को नगर निगम के जोन कार्यालय में पंजीकृत किया जाएगा। जोन कार्यालय के सिटीजन सर्विस ब्यूरो की ओर से इन्हें स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा।

साइकिल रिक्शा चालकों को स्मार्ट कार्ड जारी किए जाने से जहां यह महिलाओं के लिए ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी वहीं रिक्शा चालकों को एक नीति के तहत लाने में भी इससे मदद मिलेगी। स्मार्ट कार्ड की आपूर्ति करने की इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। मोहन भारद्वाज, अध्यक्ष स्थायी समिति, उत्तर दिल्ली नगर निगम।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें