फोटो गैलरी

Hindi Newsफरवरी के अंत तक खातों में पहुंच जाए पेंशनः मुख्य सचिव

फरवरी के अंत तक खातों में पहुंच जाए पेंशनः मुख्य सचिव

प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने निर्देश दिए हैं कि चालू वित्तीय वर्ष की बाकी बचे महीनों की सभी तरह की पेंशन की राशि फरवरी के अंत तक लाभार्थियों के खातों में अवश्य पहुंच जानी चाहिए। इनमें समाजवादी,...

फरवरी के अंत तक खातों में पहुंच जाए पेंशनः मुख्य सचिव
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 29 Jan 2015 10:49 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने निर्देश दिए हैं कि चालू वित्तीय वर्ष की बाकी बचे महीनों की सभी तरह की पेंशन की राशि फरवरी के अंत तक लाभार्थियों के खातों में अवश्य पहुंच जानी चाहिए। इनमें समाजवादी, विधवा, विकलांग पेंशन शामिल हैं।

वे यहां गुरुवार को शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में समाज कल्याण और विकलांगजन विकास विभाग के क्रियाकलापों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्तियां उनके खातों में आगामी 31 मार्च तक सीधे पहुंचाने के आदेश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अपात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति कतई न मिलने पाए और पात्र छात्र-छात्राएं छूटने भी न पाएं।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्तियों के वितरण की रैण्डम चेकिंग करवाकर अपात्र छात्र-छात्राओं को सूची से अलग करते हुए सम्बंधित विद्यालयों और छात्र-छात्राओं को ब्लैकलिस्टेड किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति और पेंशन योजना के तहत  पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित करवाया जाए। अपात्रों के खिलाफ अभियान चलाकर सूची से अलग करते हुए संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि यूपी डेस्को द्वारा बनाया जा रहा साफ्टवेयर आगामी 15 फरवरी तक एन.आई.सी. को तत्काल उपलब्ध करवा दिया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था/किसान पेंशन योजना के तहत लक्षित 298 समग्र गांवों के सापेक्ष कुल 132409 लाभार्थियों का चयन किया गया है जिनको वित्तीय वर्ष 2914-15 में संतृप्त करवाया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव समाज कल्याण सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें