फोटो गैलरी

Hindi Newsवरिष्ठ भाजपा नेता ‘हरीश जी’ का निधन

वरिष्ठ भाजपा नेता ‘हरीश जी’ का निधन

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ‘हरीश जी’  का रविवार की भोर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। शिवाजी नगर, महमूरगंज स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम...

वरिष्ठ भाजपा नेता ‘हरीश जी’  का निधन
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 18 Jan 2015 09:17 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ‘हरीश जी’  का रविवार की भोर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। शिवाजी नगर, महमूरगंज स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। हरीश जी की अंतिम इच्छा के अनुसार निधन के बाद नेत्रदान करवाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह, सांसद डा. मुरलीमनोहर जोशी, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र समेत कई नेताओं ने हरीश जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। हरीश जी की पत्नी डा. ज्योत्सना श्रीवास्तव इस समय वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं।

राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर हुआ। पुत्र सौरभ श्रीवास्तव ने मुखाग्नि दी। दोपहर डेढ़ बजे शिवाजी नगर से निकली शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हरिश्चंद्र घाट पर उन्हें श्रद्धांजलि देने लोक निर्माण एवं सिंचाई राज्यमंत्री सुरेन्द्र पटेल भी पहुंचे थे। जबकि कांग्रेस विधायक अजय राय, सपा नेत्री रिबू श्रीवास्तव ने आवास पर पहुंच कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। देर शाम भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी शिवाजी  नगर कालोनी पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हरीश जी तीन दिन पूर्व ही एक निजी चिकित्सालय में इलाज के बाद घर लौटे थे। शनिवार शाम तक वह चैतन्य रहे। परिजनों से बात की। दिन में और शाम को अल्पाहार लिया। आधी रात के बाद उनकी तबियत बिगड़ी और सूर्योदय के पूर्व ही चिर निद्रा में लीन हो गए। हरीश जी का जन्म 21 फरवरी, 1925 को गोरखपुर के पिपरसंडी क्षेत्र के मनिकापुर गांव में हुआ था। उन्होंने सन-46 में बस्ती जिले से संघ प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन शुरू किया। लंबे समय तक तत्कालीन भारतीय जनसंघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री रहे। सन-1977 में पहली बार बांसी विधानसभा से विधायक हुए और जनता पार्टी सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री बने। सन-84 में बांसी से दोबारा विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने वाराणसी को अपना कार्यक्षेत्र बना लिया और 1996 से 2007 तक बनारस के कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे।

कल्याण सिंह,  राजनाथ सिंह और रामप्रकाश गुप्त के मंत्रिमंडल में समाज कल्याण,  वित्त आदि विभागों के कैबिनेट मंत्री रहे। सन-2002 में प्रदेश लोकलेखा समिति के अध्यक्ष भी रहे। विनम्र व्यवहार एवं सभी के प्रति समान भाव के चलते हरीश जी काफी लोकप्रिय और सम्मानित थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके शिवाजी नगर स्थित आवास पर भाजपा के अलावा अन्य दलों के नेताओं, विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का तांता लग गया। प्रदेश भाजपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कानपुर के सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. मुरलीमनोहर जोशी, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केशरीनाथ त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी आदि ने दूरभाष पर संवेदना व्यक्त की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें