फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस चाहती है, झारखंड को यहां के लोग चलाएं: राहुल गांधी

कांग्रेस चाहती है, झारखंड को यहां के लोग चलाएं: राहुल गांधी

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान की पूरी शक्ति अपने हाथों में लेना चाहते हैं। चाहे उत्तर प्रदेश हो, झारखंड हो या दिल्ली, नरेन्द्र मोदी...

कांग्रेस चाहती है, झारखंड को यहां के लोग चलाएं: राहुल गांधी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 28 Nov 2014 07:56 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान की पूरी शक्ति अपने हाथों में लेना चाहते हैं। चाहे उत्तर प्रदेश हो, झारखंड हो या दिल्ली, नरेन्द्र मोदी अकेले देश चलाना चाहते हैं। कांग्रेस की सोच अलग है। वह चाहती है कि झारखंड को यहां की जनता, यहां की महिलाएं और आदिवासी चलाएं। कांग्रेस एक पर नहीं, हिन्दुस्तान के हर व्यक्ति पर भरोसा करती है। राहुल गांधी शुक्रवार को टाटा कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने हम की बजाय मैं पर जोर दिया था। उन्होंने कभी मिल कर हिन्दुस्तान को आगे बढ़ाने की बात नहीं की। वह अकेले ही काम करना चाहते हैं और जब सरकार में आए तो लोगों को झाडू पकड़ा दिया।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सिर्फ पांच-छह उद्योगपतियों के पीएम हैं। यह लोगों को तब पता चलेगा, जब उनसे जंगल और जमीन छीन ली जाएगी। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। जमीन की उपज लोगों की है।  देश आम जनता, गरीबों, दलितों, महिलाओं, आदिवासियों का है। जमीन अधिग्रहण कानून कांग्रेस ने बनाया। इसके तहत यदि अमीर मार्केट रेट में जमीन बेचता है, तो आदिवासी को भी मार्केट रेट मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री इसे बदलना चाहते हैं। जो अधिकार कांग्रेस ने दिया, उसे छीनना चाहते हैं। लोगों की जमीन जा रही है, जनता का ही पैसा उद्योगपतियों तक जा रहा है। उसी पैसे से भाजपा के बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर बन रहे हैं।

सरना कोड लागू होगा
राहुल ने कहा : हम सबसे बड़ा पंचायती राज अधिकार आपको देना चाहते हैं। यहां कांग्रेस की सरकार बनी, तो हर गरीब को 35 किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। सरना कोड लागू होगा। पांच लाख युवाओं को नौकरी, हर गांव में पक्की सड़क होगी। हम सब मिलकर झारखंड को आगे बढ़ाएंगे, विकास करेंगे।

हाथ मिलाने के लिए आपाधापी
सभा में उपस्थित भीड़ राहुल गांधी के स्टेज पर आते ही उन्हें देखने के लिए कुर्सियों पर चढ़ गई। जिन्हें कुछ दिखाई नहीं पड़ा, वे घेराबंदी की बल्ली पर चढ़ गए। राहुल द्वारा अभिवादन स्वीकार किए जाने पर भीड़ ने भी हाथ हिलाते हुए राहुल गांधी के लिए नारे लगाए। भीड़ में स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल थे। राहुल गांधी भाषण खत्म कर मंच से उतरे और दर्शक दीर्घा में पहुंच गए। उन्होंने लोगों से हाथ मिलाया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें