फोटो गैलरी

Hindi Newsमेयर को अपदस्थ करने के लिए नाराज पार्षदों ने छेड़ी मुहिम

मेयर को अपदस्थ करने के लिए नाराज पार्षदों ने छेड़ी मुहिम

मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी को अपदस्थ करने की मुहिम नाराज पार्षदों ने छेड़ दी है। इस गुट ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए पार्षदों की निश्चित संख्या जुटाना भी शुरू कर दिया है। ये लोग मेयर पर भ्रष्ट होने का...

मेयर को अपदस्थ करने के लिए नाराज पार्षदों ने छेड़ी मुहिम
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 27 Nov 2014 08:30 PM
ऐप पर पढ़ें

मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी को अपदस्थ करने की मुहिम नाराज पार्षदों ने छेड़ दी है। इस गुट ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए पार्षदों की निश्चित संख्या जुटाना भी शुरू कर दिया है। ये लोग मेयर पर भ्रष्ट होने का आरोप भी लगा रहे हैं।
 
मेयर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सर्वदलीय पार्षद जनमंच ने गुरुवार की दोपहर नगर निगम में मीटिंग की। मीटिंग में 19 पार्षदों के शामिल होने का दावा किया गया। मीटिंग में पार्षदों ने भ्रष्ट होने के साथ शहर के विकास में पक्षपात करने का आरोप मेयर पर लगाया। पार्षदों ने कुंभ से लेकर अबतक के विकास की विस्तृत रिपोर्ट दिखाने की मांग की।

मीटिंग के बाद सर्वदलीय पार्षद जनमंच ने मेयर के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाने की जुगत शुरू कर दी। कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील यादव भी इसमें शामिल हैं। जनमंच अविश्वास प्रस्ताव के लिए सभी दलों के पार्षदों को मेयर के खिलाफ अभियान में शामिल होने को कह रहा है। भाजपा के भी कुछ पार्षदों के इसमें शामिल होने की खबर है।

अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी की भनक मेयर को भी हो चुकी है। वह सतर्क हो गई हैं। वह व्यक्तिगत स्तर पर पार्षदों से बात कर रहीं हैं। साथ ही कानूनी राय भी ले रही हैं। इस मुहिम की खबर निगम प्रशासन को है पर अभी अफसर चुप्पी साधे हैं। शहर में विकास के मुद्दे पर शनिवार को मिनी सदन की अनौपचारिक बैठक होने वाली है। मेयर इस बैठक में निगम प्रशासन को सभी विकास कार्यो की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कह सकती हैं।

अविश्वास प्रस्ताव के लिए चाहिए 66 मत
मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए न्यूनतम 66 मतों की जरूरत पड़ेगी। नगर निगम नियमावली के मुताबिक अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए दो तिहाई मतों की जरूरत होती है। वर्तमान में सांसद, विधायक, नामित पार्षद मिलाकर 98 सदस्य हैं।
 
कनार्टक हाईकोर्ट के फैसले पर मंथन
अविश्वास प्रस्ताव की मुहिम के बीच इसी मुद्दे पर कर्नाटक हाईकोर्ट के एक फैसले पर मंथन भी जारी है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने जनता से चुने हुए जनप्रतिनिधि के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की याचिका खारिज कर दी थी।

भेदभाव त्यागना होगा : रमेश
सर्वदलीय पार्षद जनमंच के संयोजक रमेश मिश्र कहते हैं कि मेयर को भेदभाव छोड़ना होगा। ऐसा नहीं हुआ तो लड़ाई आगे बढ़ेगी। अविश्वास प्रस्ताव के सवाल पर वह कुछ नहीं बोले पर आरपार की लड़ाई की बात कही।

सारी जानकारी है: मेयर
मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए चल रही मुहिम की उन्हें जानकारी है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी बोलना ठीक नहीं है। अभी वह 29 नवम्बर की बैठक की तैयारी कर रहीं हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें