कैबिनेट मंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं कैप्टन अभिमन्यु, विज और धनकर
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे भाजपा नेता अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु और ओपी़ धनखड़ हरियाणा कैबिनेट के प्रत्याशियों की पहली पंक्ति में शामिल हैं। मनोहर लाल खटटर कल पंचकुला में...
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे भाजपा नेता अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु और ओपी़ धनखड़ हरियाणा कैबिनेट के प्रत्याशियों की पहली पंक्ति में शामिल हैं।
मनोहर लाल खटटर कल पंचकुला में हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया है कि विज, कैप्टन अभिमन्यु और धनखड़ को खटटर मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
पांच बार से विधायक और आंबाला सीट से फिर जीत हासिल करने वाले विज और पहली बार विधायक बने खटटर पार्टी के लोकप्रिय पंजाबी चेहरा हैं। खटटर ने करनाल सीट से भारी मतों से जीत हासिल की है। हरियाणा भाजपा के जाट नेताओं में कैप्टन अभिमन्यु, धनखड़ और प्रेम लता का नाम अग्रणी है।
वरिष्ठ नेता बीरेन्द्र सिंह की पत्नी प्रेम लता को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। वहीं दो बार की विधायक कविता जैन भी मंत्रीमंडल में शामिल हो सकती हैं। राज्य भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी की जीत में अहम भूमिका गैर-जाट और शहरी मतदाताओं की रही है और पार्टी कैबिनेट में लोगों को जगह देते हुए इस तथ्य को ध्यान जरूर रखेगी। हरियाणा भाजपा के प्रमुख राम बिलास शर्मा भी कैबिनेट की रेस में हैं।