छह साल बाद दीपिका से छिना राष्ट्रीय चैंपियन का ताज
जमशेदपुर। रविवार को नई दिल्ली में संपन्न हुई राष्ट्रीय तीरंदाजी में टाटा की ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी ने स्वर्ण पदक तो तीन-तीन जीते, लेकिन इसके बाद भी वह राष्ट्रीय चैंपियन का ताज नहीं बचा पाई। ...
जमशेदपुर। रविवार को नई दिल्ली में संपन्न हुई राष्ट्रीय तीरंदाजी में टाटा की ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी ने स्वर्ण पदक तो तीन-तीन जीते, लेकिन इसके बाद भी वह राष्ट्रीय चैंपियन का ताज नहीं बचा पाई। पिछले छह वर्षों से लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रही दीपिका को ओलंपिक राउंड में रेलवे की तीरंदाज एल बोंब्याला देवी ने मात देकर इस सम्मान को अपने नाम कर लिया।
मालूम हो कि वर्ष 2008 से दीपिका लगातार छह बार राष्ट्रीय चैंपियन रही थी, लेकिन इस बार यह सिलसिला टूट गया। ओलंपिक राउंड में दीपिका स्वर्ण पदक तो दूर कांस्य पदक की रेस में भी शामिल नहीं हो सकी। इस राउंड में बोंब्याला देवी के बाद रेलवे की ही तीरंदाज रिमिल बिरुली और सतवीर क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहते हुए रजत व कांस्य पदक जीतने में सफल रही। पुरुषों में राजस्थान के वकील बने नये राष्ट्रीय चैंपियन दूसरी तरफ पुरुषों के ओलंपिक राउंड में भी उलटफेर हुआ।
इसमें राजस्थान के अनजान तीरंदाज वकील ने पिछले राष्ट्रीय चैंपियन पीएसपीबी के अतानु दास से स्वर्ण पदक छीनने के साथ-साथ राष्ट्रीय चैंपियन का भी ताज छीन लिया। अतानु को रजत व सर्विसेज के तरुणदीप राय को कांस्य पदक मिला। तरुणदीप ने कांस्य पदक मुकाबले में झारखंड के बिनोद स्वांसी को हराया। झारखंड की तीनों टीमों ने जीते स्वर्ण रविवार को महिला टीम स्पर्धा के फाइनल में झारखंड टीम (दीपिका कुमारी, सीतारानी टुडू) ने रेलवे की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि झारखंड की पुरुष टीम (जयंत तालुकदार, बिनोद स्वांसी और बुलबुल मारंडी) ने उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके बाद मिश्रित युगल टीम स्पर्धा के फाइनल में दीपिका और जयंत की जोड़ी ने मणिपुर की जोड़ी को मात देकर झारखंड के नाम एक और स्वर्ण पदक जीता। टीम स्पर्धा के बाद दीपिका ने 70मी. में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफलता प्राप्त की, लेकिन पुरुषों के 70मी. में टाटा जयंत तालुकदार को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। इस राउंड में रेलवे के मंगल सिंह चांपिया ने स्वर्ण पदक जीता।