सालभर से फरार युवक हत्थे चढ़ा, किशोरी बरामद
हथगाम, हिन्दुस्तान संवाद। नवंबर 2013 में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के एक आरोपी युवक को हथगाम पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस सालभर से उसकी तलाश कर रही थी और उसके ऊपर ईनाम...
हथगाम, हिन्दुस्तान संवाद। नवंबर 2013 में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के एक आरोपी युवक को हथगाम पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस सालभर से उसकी तलाश कर रही थी और उसके ऊपर ईनाम भी घोषित कर चुकी थी। पुलिस ने उसके चंगुल से किशोरी को भी बरामद कर लिया है।
हथगाम नगर पंचायत की रहने वाली एक किशोरी को नवंबर 2013 में कस्बे का ही मोहम्मद वसीम उर्फ सद्दाम पुत्र मुकीम बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। किशोरी के पिता ने वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की जांच तत्कालीन उप निरीक्षक हीरालाल पांडेय को मिली थी। मगर जब वह मामले में कोई प्रगति नहीं कर सके तो वादी हाईकोर्ट की शरण में पहुंच गया। कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक से जवाब तलब किया तो मामला फंस गया। एसपी ने इस मामले में हीरालाल को निलंबित कर दिया था।
इसके बाद यह जांच उप निरीक्षक सुरेंद्र शुक्ला को सौंपी गई। तब से वह युवक की तलाश में लगे थे। युवक की लोकेशन पुणे महाराष्ट्र में मिली तो टीम वहां पहुंची। वसीम को पुलिस आने की भनक लगी तो वह मुंबई पहुंचा। पुलिस उसके पीछे मुंबई तक आ गई। हालांकि वसीम उनके हत्थे नहीं चढ़ सका। खबर है कि पीछे लगी पुलिस ने वसीम को रविवार को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया है।