फोटो गैलरी

Hindi Newsजनता का भरोसा कायम रखेगी सरकार : सीएम

जनता का भरोसा कायम रखेगी सरकार : सीएम

विशेष संवाददाता राज्य मुख्यालय। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता ने उपचुनावों के नतीजों के जरिए समाजवादियों पर भरोसा किया है। सरकार और ज्यादा व अच्छा काम करेगी। ज्यादा से ज्यादा योजनाएं और...

जनता का भरोसा कायम रखेगी सरकार : सीएम
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 20 Sep 2014 12:23 AM
ऐप पर पढ़ें

विशेष संवाददाता राज्य मुख्यालय। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता ने उपचुनावों के नतीजों के जरिए समाजवादियों पर भरोसा किया है। सरकार और ज्यादा व अच्छा काम करेगी। ज्यादा से ज्यादा योजनाएं और कार्यक्रम शुरू करेगी। ताकि जनता का भरोसा इसी तरह कायम रहे और वह दोबारा मौका दे।

मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर शुक्रवार को आयोजित श्रम विभाग के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर दुर्घटना में किसी मजदूर की मौत पर उसके आश्रितों को दी जाने वाली आर्थिक मदद एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रूपए करने की घोषणा की।

मजदूर की सामान्य मौत पर एक लाख की मदद दी जाएगी। उन्होंने पांच सौ निर्माण मजदूरों को साइकिलों का वितरण किया। साथ ही आवास निर्माण के लिए मजदूरों को पचास-पचास हजार रुपए के चेक सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनावों में जनता ने सहयोग दिया। उसने नेताजी (मुलायम सिंह यादव) पर भरोसा जताया है।

जनता समझ गई है कि यही पार्टी है जो देश व समाज के लिए काम कर सकती है। जनता के भरोसे को सरकार कायम रखेगी। भाजपा का नाम न लेते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग वस्त्र बदलकर घूम रहे थे, सपा ने उन्हें हराने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार मजदूरों को अधिकतम सुविधाएं देना चाहती है। उन्हें दोपहर का खाना सस्ते में देने की योजना भी प्रस्तावित है। ताकि वह ज्यादा मेहनत से काम कर सके। भले ही इसके लिए कैंटीन बनाना पड़े। मजदूर प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में सबसे कम समय में तीन सौ बैंक शाखाएं खोली गई।

श्रम मंत्री शाहिद मंजूर और विभागीय अधिकारियों को मजदूरों के हित की योजनाएं शुरू करने के लिए बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे अच्छे विभागों में नहीं माना जाता था लेकिन विभाग ने अच्छा काम करके दिखा दिया कि वह मेहनत और मजदूरी करने वालों के हित की सोच रखता है।

विभाग ने झोपड़ी बनाकर उसमें सोलर लाइट लगाए। महिला मजदूरों के बच्चों के लिए पालना गृह योजना भी शुरू की गई है। पुरानी सरकार के पालना कहां बने, उनके बारे में मत पूछिए। समारोह में वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन और श्रम मंत्री शाहिद मंजूर ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के संयोजक प्रमुख सचिव श्रम शैलेश कृष्ण थे। इस मौके पर श्रमायुक्त शालिनी प्रसाद ने योजनाओं को लेकर एक प्रजेंटेशन भी किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें