फोटो गैलरी

Hindi Newsकिन्नर के घर डाका, लाखों का माल लूट ले गए

किन्नर के घर डाका, लाखों का माल लूट ले गए

फर्रुखाबाद। बाजार मंडी मोहल्ले में गुरुवार रात एक किन्नर के घर कच्छाधारी बदमाशों ने डाका डाला। बदमाशों ने किन्नरों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनके एक सहयोगी रिक्शा चालक को छत...

किन्नर के घर डाका, लाखों का माल लूट ले गए
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 29 Aug 2014 11:34 PM
ऐप पर पढ़ें

फर्रुखाबाद। बाजार मंडी मोहल्ले में गुरुवार रात एक किन्नर के घर कच्छाधारी बदमाशों ने डाका डाला।

बदमाशों ने किन्नरों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनके एक सहयोगी रिक्शा चालक को छत से फेंक दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब एक घंटे तक बदमाश घर में लूटपाट करते रहे और इसके बाद बड़े आराम से निकल गए। इस वारदात से कस्बे में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। किन्नर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नगर पंचायत शमशाबाद के मोहल्ला बाजार मंडी में खजूर वाली मस्जिद के पास पिंकी हाजी किन्नर का घर है।

पिंक ी के गुरु की तबियत खराब थी इसलिए वह उन्हें देखने जयपुर चले गए थे। गुरुवार को घर पर गुड्डी किन्नर, फूलन किन्नर, करीना के अलावा सहयोगी रिक्शा चालक भूरा व मुनई अब्वा थे। सभी लोग रात में छत पर सो रहे थे। घर के मुख्य द्वार के साथ साथ कमरों में भी ताला लगा हुआ था। रात में करीब डेढ़ बजे के बाद अवैध असलहों से लैस बदमाश छत पर चढ़ गए। खटपट की आवाज सुनकर मुनई अब्वा जाग गए तो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और उनके मुंह में अंगौछा ठूंस दिया तथा हाथ पैर बांध दिए।

इसी बीच भूरा भी जाग गया तो बदमाशों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। पास में सो रहे किन्नर भी जाग गए तो बदमाशों ने असलहे दिखाकर इन लोगों को बंधक बना लिया और चुप रहने के लिए कहा। सहयोगी रिक्शा चालक भूरा जब शोर मचाने को हुआ तो ऐसे में बदमाशों ने उसको पड़ोसी इकबाल के घर में मारपीटकर फेंक दिया। जिससे वह घायल हो गया। इधर बदमाशों ने किन्नरों से घर की चाबियां मांगीं और बताया कि वह पुलिस वाले हैं।

असलहा रखने की सूचना मिली है इसलिए घर की तलाशी लेंगे। किन्नरों ने चाबी नहीं दी तो बदमाशों ने सभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने बड़े आराम से किन्नर के घर से कीमती सामान लूटा और चले गए। रात में किन्नर काफी देर तक सूचना देने के लिए भटके। क ाफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गुड्डी किन्नर ने बताया कि बदमाशों की संख्या करीब सात थी जिनके पास डंडे और तमंचे थे। यह सभी कच्छा बनियान पहने थे।

इसमें छह लोग बगैर नकाब के थे व एक ने नकाब पहन रखा था। बदमाशों के हुलिया के बारे में बताया कि इनकी लंबाई ठीक ठाक थी। उसका कहना है कि हाजी जी के आने के बाद कितने का माल गया है यह स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल भारी नुकसान हुआ है। उधर घायल भूरे को इलाज के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गभीर देख लोहिया के लिए रेफर किया गया। एसओ ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।

एसओ ने बताया कि फूलन की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों के बारे में पता लगाया जा रहा है। कस्बे में नहीं था पुलिस का पहरा, एक घंटे तक भटके शमशाबाद। किन्नर के घर लाखों का माल लूटकर बदमाश शमशाबाद कस्बे से बड़े आराम से निकल गए। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। वहीं मदद के लिए किन्नर एक घंटे तक पुलिस को ढूंढते रहे। ऐसे में अब पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है कि किस तरह से सुरक्षा के नाम पर लकीर पीटी जा रही है।

पिंकी हाजी किन्नर के घर लाखों का माल लूटने के बाद जब बदमाश निकल गए तो ऐसे में घबराए किन्नर पुलिस से शिकायत करने के लिए सबसे पहले बाजार मंडी में पहुंचे। सभी जानते हैं कि यहां पिकेट लगता है। पौने तीन बजे के करीब जब किन्नर यहां पहुंचे तो कोई भी पुलिस वाला नहीं मिला। इसके बाद किन्नर बस स्टेंड पर गए तो यहां पर भी पुलिस नहीं मिली। इससे मजबूर होकर किन्नर घर वापस लौट आए और फिर शमशाबाद पुलिस को फोन किया।

भोर 3.10 पर 100 नंबर को भी सूचना दी। इस सब के बाद भी शमशाबाद पुलिस को किन्नर के घर पहुंचने में एक घंटा लगा। सुबह चार बजे के करीब पुलिस जब घर पहुंची तो पूरी स्थिति की जानकारी हो सकी। किन्नर चिल्ला चिल्लाकर कहने लगे कि सात बदमाश थे जो कच्छा बनियान पहने थे। बड़ी ही बेरहमी से यहां मारपीट की। लाखों का माल भी लूट ले गए। इस पर पुलिस की नींद उड़ गई। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यहां पर रात में सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है।

जिन स्थानों पर पिकेट लगता है वहां पुलिस दिखती ही नहीं है। ऐसे में सुरक्षा कैसे हो सकती है। हाजी आए , किन्नर आग बबूला शमशाबाद। घर में हुई लूटपाट के बाद किन्नर आग बबूला हो रहे हैं। वहीं पुलिस उन्हें जल्द घटना के खुलासे का भरोसा दे रही है। हाजी शाम के समय यहां पर आ गए । जबकि तीन किन्नरों ने गए सामान के बारे में कुछ जानकारी भी दी है। फूलन किन्नर ने बताया कि उनके बक्से से आधा तोले सोने का मंगलसूत्र, डेढ़ तोले सोने की चेन, एक जोड़ी टॉप्स आदि सामान गया है।

22 हजार की नगदी भी थी। गुड्डी किन्नर ने बताया कि डेढ़ तोले सोने की जंजीर, चांदी की पायल 250 ग्राम के साथ साथ बीस हजार की नगदी भी गई है। करीना ने बताया कि एक तोले की चेन को लुटेरे गले से तोड़ ले गए। एक जोड़ी पायल भी ले गए। इसके साथ साथ आठ हजार की नगदी भी गई है। शाम को पिंकी हाजी जयपुर से लौट आए है। उन्होंने चेलों के साथ बैठकर घटना की जानकारी ली।

पिंकी ने बताया कि अभी पता कर रहे है कि बदमाश कितने का माल लूट ले गए है। पुलिस को पूरी जानकारी दी जाएगी । वह भी इस घटना से काफी परेशान है। वहीं दूसरी ओर यहां पर घर का दूध भी पी गए बदमाश शमशाबाद। गुड्डी किन्नर ने बताया कि लूटपाट करने वाले बदमाश घर में रखा दूध भी पी गए। उसका कहना है कि रात में वह सब लोग सो रहे थे तो अचानक बदमाशों ने दबोच लिया और कमरे के ताले तोड़े।

बड़े आराम से नगदी जेवर निकाल लिया। करीब एक घंटे तक बदमाशों ने लूटपाट की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें