फोटो गैलरी

Hindi Newsबढ़त बनाने के लिए सपा पहले शुरू करेगी चुनावी अभियान

बढ़त बनाने के लिए सपा पहले शुरू करेगी चुनावी अभियान

अपने प्रतिद्वंद्वियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर बढ़त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सबसे पहले चुनाव प्रचार अभियान शुरू...

बढ़त बनाने के लिए सपा पहले शुरू करेगी चुनावी अभियान
एजेंसीThu, 03 Oct 2013 04:50 PM
ऐप पर पढ़ें

अपने प्रतिद्वंद्वियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर बढ़त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सबसे पहले चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेगी।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव आगामी पांच अक्टूबर को अपने गृह जिले इटावा और अपने संसदीय क्षेत्र मैनपुरी में रैलियां करके सपा के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

सपा के इटावा जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि पांच अक्टूबर को नुमाइश मैदान में होने वाली रैली को नेताजी और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। रैली की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बारिश को देखते हुए मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है। इटावा के बाद दोनों नेता मैनपुरी के नौनेर कस्बे में रैली करेंगे।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश में रैलियां कराने की चर्चा काफी पहले से हो रही थी लेकिन पहले प्रहार करने के मकसद से कांग्रेस ने उपाध्यक्ष राहुल गांधी को मैदान में उतार दिया।

जहां मोदी की प्रदेश में चुनावी रैलियों की शुरुआत 19 अक्टूबर को कानपुर से होगी वहीं राहुल गांधी आगामी नौ अक्टूबर को अलीगढ़ और कानपुर से चुनावी रैलियों का आगाज करेंगे। सपा ने भाजपा और कांग्रेस पर बढ़त बनाने की मंशा से सबको चौंकाते हुए पांच अक्टूबर से ही चुनावी अभियान शुरू करने का फैसला किया।

सपा संसदीय बोर्ड के एक सदस्य ने बताया कि,''पहले रैलियों की शुरुआत करने से हमारे शीर्ष नेताओं के पास मौका होगा कि वे इस चुनावी घमासान के टोन और ट्रेंड को सेट कर दें और मोदी व राहुल को उस पर प्रतिक्रिया देने के लिए बाध्य कर देंगे।''

नेता ने कहा, ''जाहिर है कि मोदी और राहुल रैलियां शुरू करते तो मुजफ्फरनगर दंगों और कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश सरकार को कटघरे में खड़ा करके सपा के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश करते। लेकिन अब पहले मैदान में उतरकर हमारे नेता कांग्रेस की केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार और भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे को उठाकर दोनों पार्टियों को सुरक्षात्मक होने के लिए मजबूर कर देंगे।''

इटावा और मैनपुरी के बाद अक्टूबर महीने में सपा की और रैलियां कहां पर होंगी इस पर रणनीति बनाई जा रही है। वहीं अब तक के कार्यक्रम के मुताबिक मोदी की कानपुर के बाद झांसी, बहराइच, लखनऊ में रैलियां प्रस्तावित हैं तो राहुल अलीगढ़ के बाद हमीरपुर और बलिया में रैलियां करेंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक इस पर कहते हैं कि कांग्रेस और सपा के लोग चाहे जो रणनीति अपना लें जनता के मन में दोनों पार्टियों के प्रति नाराजगी है। उत्तर प्रदेश और देश में भाजपा के पक्ष में लहर हैं। लोग समझ चुके हैं भाजपा और मोदी के शासन में ही महंगाई, भ्रष्टाचार से देश को निजात मिलेगी और देश विकास के रास्ते पर चल पाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें