फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस को राम और कृष्ण की जन्मभूमि पर भरोसा!

कांग्रेस को राम और कृष्ण की जन्मभूमि पर भरोसा!

भाजपा पर भगवान राम और कृष्ण के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस अब इनके ही संगम के सहारे उत्तर प्रदेश में अपनी नैया पार लगाने और खुद को मजबूत करने की कवायद में जुट गई...

कांग्रेस को राम और कृष्ण की जन्मभूमि पर भरोसा!
Tue, 11 Sep 2012 10:43 AM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भगवान राम और कृष्ण के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस अब इनके ही संगम के सहारे उत्तर प्रदेश में अपनी नैया पार लगाने और खुद को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है।

संगठन की कमजोरी और आपसी गुटबाजी के कारण उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव और शहरी निकाय चुनावों में करारी शिकस्त खाने वाली कांग्रेस का मानना है कि राम और कृष्ण की भूमि का संगम अब उसके लिए लाभप्रद होगा।

दरअसल, कांग्रेस नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में दो सबसे महत्वपूर्ण पदों- प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता पद पर उन नेताओं को बिठाया है जो राम की नगरी अयोध्या और कृष्ण की नगरी मथुरा से सम्बंध रखते हैं।

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की अगुवाई में विधानसभा चुनाव में पूरे जोश और आक्रामकता के साथ उतरी कांग्रेस पार्टी की करारी हार हुई। प्रदेश में 30 से भी कम सीटें जीतने सफल रही कांग्रेस ने चुनाव के बाद सालों से विधानमंडल दल के नेता रहे प्रमोद तिवारी को हटाकर कृष्ण की नगरी मथुरा से विधायक प्रदीप माथुर को विधानमंडल दल का नेता बनाया।

नतीजे आने के बाद समय-समय पर प्रमोद तिवारी से टकराव को लेकर चर्चा में रहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की इस पद से विदाई तय मानी जा रही थी। इस बात का अहसास होते ही रीता ने अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा कांग्रेस आलाकमान को भेज दिया।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने काफी माथापच्ची के बाद पार्टी से गुटबाजी समाप्त करने की मंशा के तहत रीता के स्थान पर भगवान राम की नगरी अयोध्या से सम्बंध रखने वाले निर्मल खत्री को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी।

प्रदेश कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई वर्षों बाद कोई ऐसा प्रदेश अध्यक्ष मिला है जिसके बारे में कोई विवाद नहीं है और न ही कोई आवाज उठ रही है।

पार्टी नेताओं के इस बयान से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, जिनमें रीता बहुगुणा जोशी, श्रीप्रकाश जायसवाल और सलमान खुर्शीद सरीखे नाम शामिल हैं, जिनके निर्विवाद और निर्गुट होने पर सवालिया निशान लग रहे हैं।

विधान परिषद में कांग्रेस के नेता नसीब पठान कहते हैं कि मथुरा से विधायक प्रदीप माथुर और अयोध्या निवासी फैजाबाद के सांसद निर्मल खत्री के रूप में कृष्ण और राम के संगम से पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत होने के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर अप्रत्याशित नतीजे देगी।

प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''प्रदेश में संगठन के दोनों महत्वपूर्ण पदों पर शीर्ष नेतृत्व ने ऐसे नेताओं को बिठाया है जो किसी पाले के नहीं हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि इन दोनों की जुगलबंदी संगठन को मजबूत कर पार्टी को एक नए मुकाम पर ले जाएगी।''

प्रदीप माथुर ने विधानमंडल दल के नेता के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर कामकाज शुरू कर दिया है, वहीं निर्मल खत्री मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें