ब्रेकिंग
कई बड़े कांग्रेसी नेता बाल-बाल बचे।बस्तर में नक्सली हमला, एक कांग्रेसी नेता की मौत।
सीवान में प्रोफेसर की गोली मार कर हत्या
एक प्रतिनिधि, सीवान।
First Published:08-06-12 10:54 PM
मुफस्सिल थाने के पैगंबरपुर गांव के समीप गुरुवार की रात लगभग पौने नौ बजे अपराधियों ने जेडएच यूनानी मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. मो. इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रोफेसर हर रात की भांति नौतन के पचलखी बाजार से अपनी क्लीनिक से मरीजों को देखकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक पैगंबरपुर के समीप सुनसान जगह पर जैसे ही डॉक्टर पहुंचे कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने पहले उन्हें रोका और उसके बाद नजदीक से सीने में गोली मार दी। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की बाइक, बैग व मोबाइल फोन बरामद किया है।
मृतक के मोबाइल से ही घटना की सूचना परिजनों को दी गई। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष रामकुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रामकुमार सिंह ने बताया कि प्रोफेसर की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई है।
उन्होंने प्रोफेसर से रुपए छीने जाने की बात से साफ इंकार किया। मृतक के चचेरे भाई उमैर अहमद के बयान पर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस हत्यारों की पहचान करने में जुट गयी है। हत्या से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों से पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ की। मृत प्रोफेसर के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के डिटेल्स के आधार पर हत्यारों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इधर, परिजनों ने बताया कि जेडएच यूनानी मेडिकल कॉलेज कमेटी में विवाद होने से प्रो. इमरान को पिछले कई महीने से तनख्वाह नहीं मिल रहा था। ऐसे में परिवार चलाने के लिए उन्होंने एक महीने पहले नौतन के पचलखी में क्लीनिक खोल रखी थी। उनकी प्रैक्टिस क्षेत्र में काफी चल रही थी।
प्रोफेसर हुसैनगंज थाने के हरिहांस गावं के अजीज अहमद के पुत्र थे। वे शहर की एमएम कॉलोनी में सपरिवार रहते थे। इधर प्रोफेसर की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजन दहाड़ मारकर रो रहे हैं।
एसपी सत्यवीर सिंह ने कहा कि हत्या का कारण अभी साफ नहीं हो सका है। मृत प्रोफेसर की पूर्व में किन लोगों से दुश्मनी थी , पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है। सूचना मिली है कि प्रोफेसर शहर में जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस इस बिन्दु पर भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या की वजह जमीन की खरीद-बिक्री तो नहीं है।
00

टिप्पणियाँ
स्थानीय ख़बरें
एन सी आर
पंजाब
उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
लाइवहिन्दुस्तान पर अन्य ख़बरें
आज का मौसम राशिफल



ई-मेल
