फोटो गैलरी

Hindi Newsआरएसएस का युवा संकल्प शिविर की तैयारियां पूरी

आरएसएस का युवा संकल्प शिविर की तैयारियां पूरी

आस्था सिटी परिसर में भगवा रंग छा गया है। आरएसएस के युवा संकल्प शिविर के लिए नगर बस गए हैं। महापुरुषों के चित्र देश की विरासत का आभास करा रहे हैं। संघ के झंडे लहराने लगे हैं। शुक्रवार शाम विशाल...

आरएसएस का युवा संकल्प शिविर की तैयारियां पूरी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Oct 2014 10:37 PM
ऐप पर पढ़ें

आस्था सिटी परिसर में भगवा रंग छा गया है। आरएसएस के युवा संकल्प शिविर के लिए नगर बस गए हैं। महापुरुषों के चित्र देश की विरासत का आभास करा रहे हैं। संघ के झंडे लहराने लगे हैं। शुक्रवार शाम विशाल प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा। शनिवार को शिविर में लगभग पांच हजार छात्र प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रवेश करेंगे।

संघ के एक से तीन नवंबर तक चलने वाले युवा संकल्प शिविर की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रुनकता के आस्था सिटी परिसर में पं. दीनदयाल नगर बसाया गया है। यहां विवि और कॉलेज के छात्रों को तीन दिन प्रशिक्षित किया जाएगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा देश के विद्वान छात्रों को राष्ट्र रक्षा और निर्माण की ट्रेनिंग देंगे। छात्रों के ठहरने के लिए पांच नगर बसाए गए हैं। इन्हें महापुरुषों का नाम दिया गया है। पांडालों को भगवा, पीले हल्के रंग के कपड़ों से कवर किया गया है। गुलाबी रंग के बार्डर बनाए गए हैं। सरसंघ चालक समेत अन्य विद्वानों के (बौद्धिक) व्याख्यान के लिए विशाल पाण्डाल बनाया गया है। इसे लाल, पीले और सफेद कपड़े की पट्टियों से सजाया गया है। संघ सूत्रों के मुताबिक हल्के और अच्छे भाव वाले रंगों को विशेष रूप से चुना गया है। गलत भाव वाले रंग दूर रखे गए हैं। ऊर्जा देने वाले रंगों को महत्व दिया गया है। टेंट और पटकुटी से बसाया गया शिविर देश का सबसे बड़ा शिविर है। बता दें कि 14 साल पहले शास्त्रीपुरम में राष्ट्र रक्षा महाशिविर हुआ था। तब ब्रज प्रांत के 50 हजार स्वयंसेवक जमा हुए थे। यह शिविर व्यवस्थाओं में उससे कई गुना बेहतर होगा।

हजार स्वयंसेवक, 100 कार्यकर्ता
शिविर की व्यवस्थाओं के लिए 100 से अधिक विभागीय कार्यकर्ता तैनात किए गए हैं। जबकि एक हजार प्रशिक्षित और अनुभवी स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। ब्रज प्रांत प्रचारक दिनेश, प्रांत विद्यार्थी प्रमुख पदम, सह प्रांत कार्यवाह सुभाष वोहरा, विभाग प्रचारक हरिशंकर मार्गदर्शन कर रहे हैं।
आज लगेगी विशाल प्रदर्शनी
शिविर में शुक्रवार को विशाल प्रदर्शनी लगाई जा रही है। शाम पांच बजे मथुरा के संत स्वामी हरिबोल इसका उद्घाटन करेंगे। आम लोगों के लिए प्रदर्शनी 31 से एक नवंबर की शाम को खोली जाएगी। जबकि तीन नवंबर को शिविर समापन के बाद आमंत्रित नागरिक अवलोकन कर पाएंगे।

एक को सांस्कृतिक कला प्रदर्शन
शिविर का औपचारिक उद्घाटन एक नवंबर की रात आठ बजे संघ के क्षेत्र प्रचारक आलोक करेंगे। रात 8:45 बजे भारत माता की आरती और पुण्यभूमि कार्यक्रम होगा। इस मौके पर बाबा सत्यनारायन मौर्य सांस्कृतिक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।

तीन को आएंगे 10 हजार लोग
शिविर के आखिरी दिन दोपहर दो बजे बड़े पाण्डाल में सरसंघ चालक मोहन भागवत (बौद्धिक) व्याख्यान करेंगे। विषय ‘विश्व को भारत (हिन्दुत्व) की देन’ होगा। इस सार्वजनिक समारोह में नजदीकी कई जिलों के स्वयंसेवक और नागरिक आमंत्रित किए गए हैं। यह संख्या 10 हजार के आसपास रह सकती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें