फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस जीतने वालों को ही बनाएगी प्रत्याशी

कांग्रेस जीतने वालों को ही बनाएगी प्रत्याशी

जदयू-राजद के साथ बिहार विधानसभा के 10 सीटों के उपचुनाव में उतरने वाली कांग्रेस पार्टी अपने हिस्से की सीटों पर व्यक्ति विशेष की जगह जीतने वाले उम्मीदवारों को प्रमुखता देगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय...

कांग्रेस जीतने वालों को ही बनाएगी प्रत्याशी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 26 Jul 2014 09:13 PM
ऐप पर पढ़ें

जदयू-राजद के साथ बिहार विधानसभा के 10 सीटों के उपचुनाव में उतरने वाली कांग्रेस पार्टी अपने हिस्से की सीटों पर व्यक्ति विशेष की जगह जीतने वाले उम्मीदवारों को प्रमुखता देगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी को यही मंत्र दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने भी इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जदयू-राजद के साथ गठबंधन में हमें भागलपुर और नरकटियागंज सीट मिलेगी। पार्टी के रिवाइवल के लिए जरूरी है कि हम ऐसे प्रत्याशी को यहां उतारें जो पार्टी के साथ ही गठबंधन को दोनों सीट जिताकर दे सकें।

बिहार विधानसभा चुनाव 2010 में कांग्रेस प्रत्याशी इन दोनों सीटों पर दूसरे स्थान पर रहे थे। उपचुनाव में दोनों सीट लेने का कांग्रेस का दावा भी यही रहा है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो प्रदेश कांग्रेस अब इन दोनों सीटों पर जीतने वाले उम्मीदवारों पर विचार कर रही है।

हालांकि दावेदारों की सूची लम्बी है लेकिन शीर्ष स्तर पर इसे शार्टलिस्ट भी कर लिया गया है। पिछली बार भागलपुर से अजीत शर्मा बतौर कांग्रेस प्रत्याशी मैदान में थे। इन्हें करीब 39 हजार वोट मिले थे। नरकटियागंज से स्व. आलोक वर्मा ने चुनाव लड़ा था। इन्हें 25 हजार वोट मिले थे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक भागलपुर सीट के लिए प्रवीण कुशवाहा, पूर्व प्रत्याशी अजीत शर्मा और प्रो. उग्रमोहन झा गंभीर दावेदार हैं। जबकि नरकटियागंज के लिए रानी तिवारी, मधु वर्मा के साथ ही कुछ अल्पसंख्यक नाम रेस में शामिल है।

कांग्रेस दोनों में एक सीट से किसी अल्पसंख्यक को मैदान में उतार सकती है। सोमवार तक दोनों सीटों पर प्रत्याशी के नाम तय कर लेने की उम्मीद है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें