फोटो गैलरी

Hindi Newsमहल पर महासंग्राम: कांग्रेस ने राजे के खिलाफ नए दस्तावेज पेश किए, भाजपा बोली, छवि खराब करने की साजिश

महल पर महासंग्राम: कांग्रेस ने राजे के खिलाफ नए दस्तावेज पेश किए, भाजपा बोली, छवि खराब करने की साजिश

भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह के धौलपुर महल के मलिकाना हक को लेकर लगाए गए आरोपों का बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक...

महल पर महासंग्राम: कांग्रेस ने राजे के खिलाफ नए दस्तावेज पेश किए, भाजपा बोली, छवि खराब करने की साजिश
एजेंसीTue, 30 Jun 2015 07:10 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह के धौलपुर महल के मलिकाना हक को लेकर लगाए गए आरोपों का बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं और कांग्रेस वसुंधरा की छवि बिगाड़ने के अभियान पर काम कर रही है। परनामी ने वसुंधरा के खिलाफ आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को इस मुद्दे पर बहस की चुनौती भी दी।

परनामी ने कहा कि या तो वह आरोपों को साबित करें या राजनीति छोड़ दें। जरा देखिए, भ्रष्टाचार के इतिहास से भरी पार्टी हम पर ही भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास दुष्यंत के पास धौलपुर महल का मालिकाना हक होने के दस्तावेज हैं और धौलपुर महल पर अवैध कब्जा नहीं किया गया। सभी जानते हैं कि वसुंधरा को सालों से धौलपुर की महारानी के रूप में जाना जाता है। परनामी ने धौलपुर महल के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए। उन्होंने कहा कि यहां तक कि महानगर पालिका के रिकॉर्ड में भी देखा जा सकता है कि धौलपुर का मालिकाना हक दुष्यंत के पास है।

गौरतलब है कि भाजपा के इनकार को ठुकराते हुए कांग्रेस ने आज राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बर्खास्त किये जाने की अपनी मांग पर जोर देते हुए कहा कि उनके परिवार और पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी के बीच आपराधिक सांठगांठ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि ललित मोदी और वसुंधरा राजे परिवार के बीच आपराधिक सांठगांठ रहा है।

रमेश ने घोषणा की कि इस मामले में कांग्रेस अपने खुलासे तब तक बंद नहीं करेगी, जब तक कि भाजपा द्वारा ललित मोदी प्रकरण में राजे को बर्खास्त कर मामले को बंद नहीं कर दिया जाता। उन्होंने कुछ और दस्तावेज जारी किये, जिनमें 1949 का वह एक दस्तावेज भी है जो यह दर्शाता है कि धौलपुर पैलेस राजस्थान सरकार की संपत्ति है।

कांग्रेस नेता ने आज लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर ललित मोदी के साथ एक निजी कंपनी के जरिये धौलपुर महल पर जबरन अवैध कब्जे का आरोप लगाया। रमेश ने यह भी कहा कि पार्टी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के मामले को भी नहीं भूली है, जिन्होंने ललित मोदी को यात्रा दस्तावेजों के साथ मदद की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजे के अलग रह रहे पति हेमंत सिंह और पुत्र दुष्यंत सिंह के बीच सिर्फ चल संपत्ति को लेकर समझौता था। उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा अनेक दस्तावेज पेश किये जाने के बावजूद भाजपा कमजोर तर्कों के साथ दुष्यंत सिंह के साथ संपत्ति के स्वामित्व को उचित बताने का प्रयास कर रही है।

जयराम रमेश ने कहा कि दुष्यंत सिंह बनाम हेमंत सिंह मामले में भरतपुर के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश द्वारा 2007 में समझौता लाया गया था। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महल और उसके आसपास की भूमि राजस्थान सरकार की होने के बावजूद दुष्यंत सिंह ने 500 मीटर के भूमि के एक टुकड़े के लिए एनएचएआई से तकरीबन दो करोड़ रुपये का मुआवजा हासिल किया और यह सब उनके और भूमि अधिग्रहण अधिकारी के बीच सांठगांठ के चलते हुआ।

कांग्रेस ललित मोदी प्रकरण में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके अलावा पार्टी शैक्षणिक योग्यता के बारे में गलत जानकारी देने के आरोप को लेकर केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी और नियमों का कथित रूप से उल्लंघन करते हुए बिना निविदा आमंत्रित किये 206 करोड़ रुपये की खरीददारी की कथित मंजूरी देने के आरोप को लेकर महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के इस्तीफे की भी मांग कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें