फोटो गैलरी

Hindi Newsरामपुर में लेखपाल हड़ताल पर

रामपुर में लेखपाल हड़ताल पर

चार दिन पूर्व शाहबाद तहसील में वकीलों और लेखपालों के बीच हुआ संघर्ष अब और तूल पकड़ गया है। खुद पर हुई कार्रवाई को एक पक्षीय ठहराते हुए लेखपालों के तेवर तल्ख हो गए हैं। वे शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर...

रामपुर में लेखपाल हड़ताल पर
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 23 May 2015 12:55 PM
ऐप पर पढ़ें

चार दिन पूर्व शाहबाद तहसील में वकीलों और लेखपालों के बीच हुआ संघर्ष अब और तूल पकड़ गया है। खुद पर हुई कार्रवाई को एक पक्षीय ठहराते हुए लेखपालों के तेवर तल्ख हो गए हैं। वे शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर हैं। शनिवार को डीएम से वार्ता के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका। उधर, लेखपालों के समर्थन में कलेक्ट्रेट कर्मचारी भी उतर आए हैं। डीएम को ज्ञापन देकर वे भी लेखपालों के साथ धरने पर बैठ गए हैं।

मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान शाहबाद में वकीलों और लेखपालों में संघर्ष हो गया था। जिसमें कई चोटिल हुए थे। इस मामले में उसी दिन शाम को एडीएम के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इस बीच वकीलों ने लेखपालों पर कार्रवाई की मांग की। जिस पर प्रशासन ने दो लेखपालों को मिलक स्थानांतरित कर दिया जबकि, चार लेखपालों को शाहबाद से जिला मुख्यालय अटैच कर दिया। इसके बाद लेखपाल आंदोलित हैं।

प्रदेशाध्यक्ष से वार्ता के बाद लेखपालों ने आंदोलन को और तेज कर दिया है। हालांकि, सुबह में डीएम ने वार्ता के लिए प्रतिनिधि मंडल बुलाया। वार्ता भी हुई लेकिन, समाधान नहीं हो सका। इधर, उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष महीपाल सिंह सागर की ओर से उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री को पत्र भेजकर समर्थन मांगा गया, जिस पर कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने बैठक की और लेखपालों का समर्थन करने का निर्णय लिया।

दोहपर में एसोसिएशन के अध्यक्ष लियाकत अली के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट कर्मी डीएम से मिले, ज्ञापन दिया और फिर लेखपालों के साथ धरने पर बैठ गए। उधर, जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी का कहना है कि लेखपालों से वार्ता हो गई है, समझा दिया गया है। दो लेखपालों का ट्रांसफर मिलक गया है, उसे निरस्त करते हुए जिला मुख्यालय से उन्हें भी अटैच किया जाएगा। वहीं, लेखपाल संघ के जिला मंत्री सतेंद्र प्रकाश शर्मा का कहना है कि अब जो भी वार्ता होगी, वह धरना स्थल पर होगी। फिलहाल, धरना जारी है और प्रदेश स्तरीय पर आंदोलन होगा।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें