फोटो गैलरी

Hindi Newsसूद समेत लौटाएंगे झारखंड का प्यारः मोदी

सूद समेत लौटाएंगे झारखंड का प्यारः मोदी

प्रधानमंत्री बनने के बाद गुरुवार को पहली बार झारखंड पहुंचे नरेंद्र मोदी ने एक साथ दो हित साधे। पहला उद्घाटन और शिलान्यास के जरिये केंद्र सरकार की उपलब्धि गिना गये। दूसरा भाजपा या चुनाव की चर्चा किये...

सूद समेत लौटाएंगे झारखंड का प्यारः मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 21 Aug 2014 07:10 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री बनने के बाद गुरुवार को पहली बार झारखंड पहुंचे नरेंद्र मोदी ने एक साथ दो हित साधे। पहला उद्घाटन और शिलान्यास के जरिये केंद्र सरकार की उपलब्धि गिना गये। दूसरा भाजपा या चुनाव की चर्चा किये बगैर कह गये कि झारखंड के विकास के लिए स्थाई सरकार जरूरी है। अब समय आ गया है कि जनता पूर्ण बहुमत की सरकार बनाये।

प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन के लिए झारखंड की जनता के प्रति आभार जताया और कहा कि जो समर्थन मिला है, वह ब्याज समेत लौटायेंगे। हरियाणा की घटना झारखंड में भी दोहराई गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगभग 20 मिनट तक भाषण दिया। पूरे समय जनता उन्हें हूट करती रही।

हालांकि मुख्यमंत्री पर इसका असर नहीं पड़ा और उन्होंने अपना भाषण पूरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा और राज्य के लिए मदद भी मांगी। धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में प्रधानमंत्री ने छह योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने झाखंड को ट्रिपल आइटी देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में स्वागत भाषण केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल ने दिया, जबकि आइटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने केंद्र की योजनाओं पर प्रकाश डाला। मंच पर राज्यपाल डॉ सैयद अहमद, केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान और सुदर्शन भगत, नेता प्रतिपक्ष अर्जुन मुंडा, सांसद रामटहल चौधरी सहित केंद्र सरकार के अधिकारी मौजूद थे।

स्थिर सरकार का मतलब समझा गये मोदी
नरेंद्र मोदी ने झारखंड की चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी बच्चे के जीवन में 13-14 साल की उम्र काफी मायने रखती है। उस समय माता-पिता बच्चे की स्पेशल केयर करते हैं। उसकी चिंता करते हैं। अच्छी शिक्षा मिले। अच्छे स्कूल-कॉलेज में पढ़े। इसी उम्र में बच्चा जो सीखता है, उसके जीवन का आधार बनता है।

हर आदमी के जीवन में 13 से 18 साल की उम्र काफी मायने रखती है। वही स्थिति झारखंड के साथ है। आपको तय करना है कि 18 साल होने पर झारखंड कैसा होगा। आपके सपने, आपकी योजना, व्यवस्था कैसी हो, यह सोचने का समय झारखंड की जनता के पास आया है।

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार एक के बाद एक महत्वपूर्ण निर्णय इसलिए कर पा रही है, क्योंकि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है। पूर्ण बहुमत नहीं मिलता और अस्थिरता और गठजोडम् की सरकार होती, तो शायद वे निर्णय नहीं ले पाते। पूर्ण बहुमत का महत्व देश की जनता को पता है। झारखंड में भी स्थिर सरकार की जरूरत है।

घोषणाएं
झारखंड में जल्द खुलेगा ट्रिपल आइटी
कोल कंपनियां 15 अगस्त 2015 तक सभी स्कूलों में शौचालय और पानी की व्यवस्था करेंगी
सीएसआर के तहत कोल कंपनियां 100 करोड़ खर्च करेंगी
रांची में दो साल में 22 हजार वर्गफीट में सॉफ्टवेयर टेक्नॉलोजी पॉर्क बनेगा
जमशेदपुर के आदित्यपुर में इलेक्ट्रॉनिक कलस्टर बनेगा
जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, बोकारो में सॉफ्टवेयर टेक्नॉलोजी पॉर्क बनेगा

जिनका हुआ उद्घाटन और शिलान्यास
बेड़ो में बना 765 केवी रांची - धर्मजयगढ़ - सिपत ट्रासमिशन लाइन (पावरग्रिड) का उद्घाटन
3 गुणा 660 मेगावाटर उत्तरी कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (एनटीपीसी) का शुभारंभ
जसीडीह ऑयल टर्मिनल (इंडियन ऑयल) राष्ट्र को समर्पित
राष्ट्रीय इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्राद्योगिकी संस्थान के रांची केंद्र का शिलान्यास
नई इंक्युबेशन सुविधा, रांची केंद्र (एसटीपीआइ) का शिलान्यास
राष्ट्रीय डिजिटल साक्षरता अभियान का शुभारंभ

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें