सत्ता के लिये मोदी सरकार ने पैदा की अस्थिरता: मायावती
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर सत्ता के लिये बिहार में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि केन्द्र...
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर सत्ता के लिये बिहार में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि केन्द्र सरकार के ऐसे हथकंडों से पूरे देश का माहौल खराब हो रहा है।
मायावती ने बिहार में विश्वास मत हासिल करने के राज्यपाल के निर्देश पर अमल से पहले ही मुख्यमंत्री जीतन राम मांक्षी के इस्तीफे के ताजा घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा तथा मोदी ने मांक्षी के रूप में एक महादलित का समर्थन करके अगले कुछ महीने बाद बिहार विधानसभा के लिये होने वाले चुनाव में इसका लाभ हासिल करने से कहीं ज्यादा, नीतीश कुमार को किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री नहीं बनने देने का प्रयास किया। इस वजह से बिहार को राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
बसपा अध्यक्ष ने गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिये राजभवन का भी लगातार गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में अस्थिरता के माहौल का गलत प्रभाव ना सिर्फ बिहार के सामाजिक और राजनीतिक हालात पर पड़ रहा है बल्कि देश में भी गलत संदेश जा रहा है।
गौरतलब है कि कई दिनों से जारी राजनीतिक उठापटक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने आज बिहार विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने से पहले ही राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
मायावती ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार एक महादलित के नाम पर इतनी ज्यादा राजनीति कर रही हैं लेकिन अगर उन्हें शोषित और पीडत समाज के हित की थोड़ी भी फिक्र होती तो वह केन्द्र के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, उपक्रमों तथा केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में उन वर्गों के लिये आरक्षित हजारों खाली पद भरने का प्रयास जरूर करते। हालत यह है कि इस बारे में कोई बैठक या घोषणा तक नहीं की गयी है।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के साथ-साथ विधायकों की खरीद-फरोख्त का जो खतरनाक खेल लगातार खेला गया, उसके लिये भाजपा के साथ-साथ मोदी सरकार भी कुसूरवार है। उन्होंने कहा बसपा की मांग है कि नीतीश कुमार विरोधी रवैया अपना कर बिहार में घणित राजनीति करने से भाजपा तथा मोदी सरकार को बचना चाहिये। यही देशहित में है।