फोटो गैलरी

Hindi Newsकुरसेला पुल से बेटी को कोसी की धार में फेंका

कुरसेला पुल से बेटी को कोसी की धार में फेंका

दसवीं में पढ़ रही छात्रा पूजा के प्रेम प्रसंग से नाराज मां-बाप ने रविवार देर रात बेटी को कुरसेला पुल से कोसी की धार में फेंक दिया। वह तो किस्मत अच्छी थी कि लड़की तैरना जानती थी और उसने हिम्मत नहीं...

कुरसेला पुल से बेटी को कोसी की धार में फेंका
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 22 Sep 2014 11:30 PM
ऐप पर पढ़ें

दसवीं में पढ़ रही छात्रा पूजा के प्रेम प्रसंग से नाराज मां-बाप ने रविवार देर रात बेटी को कुरसेला पुल से कोसी की धार में फेंक दिया। वह तो किस्मत अच्छी थी कि लड़की तैरना जानती थी और उसने हिम्मत नहीं हारी। वह किसी तरह तैरकर किनारे पहुंची और वहां लगी नाव में बेहोश होकर गिर पड़ी। सुबह जब तीनघरिया के गांव वालों ने नाव में एक लड़की को बेहोश देखा तो तुरंत कुरसेला पुलिस को सूचना दी।

लड़की मधेपुरा के रतवारा थाना के कोदरा घाट के संजय मंडल और अंजू देवी की बेटी है। पूजा मधेपुरा के ही चौसा थाना के टपुआ टोला के लड़के सुभाष मंडल से प्यार करती है। कुरसेला पुलिस ने जब लड़की की जुबानी ऑनर किलिंग के प्रयास की कहानी सुनी तो स्तब्ध रह गयी। पुलिस ने तत्काल मधेपुरा पुलिस से संपर्क किया। कटिहार एसपी क्षत्रनील सिंह ने कहा कि लड़की के बयान से पहली नजर में लगता है कि माता-पिता ऑनर किलिंग की फिराक में थे।

उन्होंने कहा कि लड़की को उसके फर्द बयान के साथ कुरसेला पुलिस को मधेपुरा भेजा गया है। लड़की को मधेपुरा के संबंधित थाना की पुलिस के हवाले करने का आदेश दिया गया है। इस घटना को लेकर मधेपुरा जिले में केस दर्ज होगा। मधेपुरा पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।

छात्रा ने सुनाई आपबीती: पूजा ने कुरसेला पुलिस को जो कहानी सुनाई उसके अनुसार वह मधेपुरा के किशनपुर रतवारा थाना के कोदरा घाट के संजय मंडल की बेटी है और दसवीं कक्षा में पढ़ती है। वह चौसा के टपुआ टोला के लड़के सुभाष मंडल से एक साल से प्यार करती थी। लड़का बेहद गरीब परिवार से आता है। लड़की के इस प्यार को मां-बाप पसंद नहीं करते थे। कई बार परिजनों ने लड़की को अपनी पसंद के किसी दूसरे लड़के से शादी कराने का प्रयास किया लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद अक्सर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

नवगछिया में इलाज कराने के बहाने पूजा को कुरसेला लाया: पूजा के अनुसार उसके प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने रविवार को डॉक्टर से दिखलाने के लिए नवगछिया ले जाने की बात कही। सभी मधेपुरा के किशनपुर रतवारा थाना से रविवार की रात नवगछिया के लिए बोलेरो से चले। बोलेरो में पिता संजय मंडल के अलावा मां अंजू देवी, पिता के दोस्त किशोर मंडल, मौसा जीवन मंडल, लड़की के दादा के दोस्त हृदय मंडल तथा चचेरा भाई अजय कुमार बैठे।

रास्ते में भी लड़की की परिजनों से प्रेम प्रसंग को लेकर कहासुनी हुई। रास्ते में ही उनलोगों ने पूजा को कहा कि तुमको खत्म कर देंगे। इसके बाद रात लगभग 12 बजे जब कुरसेला कोसी पुल के पास गाड़ी पहुंची तो ड्राइवर ने बोलेरो रोक दी। गाड़ी में बैठे चार लोगों ने पूजा को बोलेरो से उतारना चाहा। विरोध करने पर उसके साथ उनलोगों ने लप्पड़-थप्पड़ भी किया। मां-बाप ने भी पूजा को बोलेरो से उतारने में मदद की। पूजा ने मां और पिता से जान बख्शने की गुहार लगाई। लेकिन मां-बाप ने एक न सुनी और चार लोगों की मदद से उसका हाथ-पांव पकड़कर कुरसेला पुल से नीचे कोसी की किनारे वाली धार में फेंक दिया।

तैरकर बचाई अपनी जान: जब तक पूजा कुछ समझ पाती वह कोसी के बीच धार में थी। उसने अचानक वह खुद को अथाह पानी के बीच पाया। लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। चूंकि वह तैरना जानती थी इसलिए एक किनारे की ओर तैरना शुरू किया। जब लड़की को लगा कि नदी में पानी कम है तब वह किनारा ढूंढने लगी। इसी बीच उसे रोशनी दिखाई पड़ी। रोशनी की ओर लड़की बढ़ने लगी। रास्ते में उसे एक नाव दिखलाई दी जिस पर वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद छात्रा को कुछ याद नहीं।

सुबह होने पर गांववालों ने देखा: सोमवार की सुबह नाव जिस जगह लगी थी वह कुरसेला थाना के तीनघरिया गांव के पास थी। तीनघरिया की एक महिला की नजर नाव पर बेहोश पड़ी लड़की पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी तीनघरिया की मुखिया के पति वरुण मंडल को दी और गांववालों को दी। मुखिया वरुण गांव के अन्य लोगों के साथ नदी किनारे पहुंचे और लड़की की जान बचाकर गांव ले आये। बेहोश लड़की की ग्रामीणों का प्राथमिक उपचार किया। लगभग एक घंटे बाद लड़की को होश आया। होश आने के बाद लड़की ने स्थानीय लोगों को अपनी कहानी सुनाई तो लोग सन्न रह गए। मुखिया पति ने तत्काल इसकी सूचना कुरसेला पुलिस को दी। कुरसेला थानाध्यक्ष अनोज कुमार तीनघरिया गांव पहुंचकर लड़की को कुरसेला थाना ले आए तथा इसकी सूचना उन्होंने एसपी क्षत्रनील सिंह तथा एसडीपीओ राकेश कुमार को दी।

पूजा की कहानी में नया ट्विस्ट
देर रात जब कुरसेला पुलिस पूजा को लेकर रतवारा थाना पहुंची तो वहां की कहानी में नया ट्विस्ट आ गया। थाना में पूजा के मां-बाप को भी बुलवाया गया था। वहां पूजा ने कहा कि वह बहुत परेशान थी। कुरसेला पुल पर बोलेरो पंक्चर हो गयी थी। वहां टायर बदला जा रहा था। बोलेरो में हुई बकझक के बाद वह आवेग में थी इसलिए उसने बोलेरो से उतरकर पुल से नीचे छलांग लगा दी। हालांकि लड़की के इस बयान से भी कई सवालों का जवाब नहीं मिल रहा है।

अगर लड़की ने अपनी मर्जी से ही नदी में छलांग लगायी तो उसके मां-बाप और परिजन उसे उसके हाल पर छोड़कर घर क्यों चले गए? किसी की बेटी अगर पुल से नीचे कूद जाए तो वह स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना देकर बजाय उसे बचाने के उसे छोड़कर चुपचाप चलता बनेगा? रतवारा ओपी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि इस लड़की के पहले भी भागने का मामला सामने आया था। वहीं रतवारा पुलिस ने यह कहकर लड़की को रखने से इनकार कर दिया कि घटनास्थल उनके क्षेत्र में नहीं पड़ता है। लिहाजा देर रात कुरसेला पुलिस उसको लेकर लौट आयी। मंगलवार को उसे बयान के लिए कटिहार में कोर्ट में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें