फोटो गैलरी

Hindi Newsअब 60 साल में रिटायर होंगे होमगार्ड जवान

अब 60 साल में रिटायर होंगे होमगार्ड जवान

होमगार्ड जवान अब 58 की जगह 60 साल में रिटायर होंगे। रिटायरमेंट के बाद उनको एकमुश्त 3 लाख रुपये सेवांत लाभ के रूप में दिया जाएगा। भोजन भत्ता भी 20 से बढ़ा कर 50 रुपये किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री...

अब 60 साल में रिटायर होंगे होमगार्ड जवान
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 12 Dec 2014 08:12 PM
ऐप पर पढ़ें

होमगार्ड जवान अब 58 की जगह 60 साल में रिटायर होंगे। रिटायरमेंट के बाद उनको एकमुश्त 3 लाख रुपये सेवांत लाभ के रूप में दिया जाएगा। भोजन भत्ता भी 20 से बढ़ा कर 50 रुपये किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुजफ्फरपुर में डॉ. जगन्नाथ मिश्र कॉलेज में आयोजित सभा में की।

इससे पहले स्पोर्ट्स कम्पेलेक्स का उद्घाटन करने जाने के क्रम में सिकन्दरपुर नेहरू स्टेडियम में होमगार्ड जवानों ने सीएम का घेराव किया। उसी के बाद आयोजित सभा में सीएम ने उक्त घोषणाएं की। बावजूद इसके होमगार्ड संघ ने शुक्रवार की आधी रात के बाद से हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को संघ नेताओं से बातचीत के लिए होमगार्ड डीजी व गृह सचिव को आवश्यक पहल करने का आदेश दिया गया है। वर्दी भत्ता व अन्य भत्ता में भी बढ़ोतरी पर विचार किया जाएगा। होमगार्ड जवानों की मांग जायज है। उस पर सहानभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर ही सिकन्दरपुर स्टेडियम में जवानों ने मेरा घेराव किया।

इधर, बिहार गृह रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने कहा कि जब तक सरकार से संघ के नेताओं की सीधी वार्ता नहीं होगी और लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, होमगार्ड जवानों का आंदोलन चलता रहेगा। 8 दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक सामूहिक अवकाश की अवधि आधी रात में आज पूरी हो जाएगी।

शुक्रवार की आधी रात बाद से पूरे बिहार के होमगार्ड जवान हड़ताल पर चले जाएंगे। मुजफ्फरपुर समेत पूरे बिहार के होमगार्ड जवानों ने अपनी-अपनी रायफलें व गोलियों को दोपहर तक जमा करा दिया। मुख्यमंत्री के घेराव के लिए संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन व मंत्री डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह को जिम्मेवार ठहराया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें