फोटो गैलरी

Hindi Newsमजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बना

मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बना

हरियाणा में मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बन गया है। राज्य में भाजपा के पहले सीएम और लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे मनोहरलाल खट्टर को मंगलवार को सर्वसम्मति से प्रदेश भाजपा विधायक दल...

मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बना
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 22 Oct 2014 12:16 AM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा में मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बन गया है। राज्य में भाजपा के पहले सीएम और लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे मनोहरलाल खट्टर को मंगलवार को सर्वसम्मति से प्रदेश भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। वह 26 अक्तूबर को सीएम पद की शपथ लेंगे। खट्ठर के पिता हरवंशलाल पूर्वी पंजाब (अब पाक) में रहते थे, 1947 में वह खाली हाथ रोहतक आ गए। उन्होंने शुरुआती दौर में मजदूरी से गुजारा किया।

पहली बार करनाल सीट से विधायक बने मनोहरलाल को चंडीगढ़ में पार्टी के नवनिर्वाचित 47 विधायकों की बैठक में यह जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने यह जानकारी दी। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू भी मौजूद थे, जिन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड ने बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक भेजा था।

खट्टर को सरकार बनाने का न्योता: वेंकैया नायडू समेत पार्टी का शिष्टमंडल दोपहर में राजभवन पहुंचा और राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए पत्र सौंपा। राज्यपाल ने दावा स्वीकार करते हुए खट्टर को सरकार बनाने का न्योता दिया।

महाराष्ट्र पर फैसला दिवाली बाद: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह महाराष्ट्र में सरकार के गठन पर भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों से चर्चा करने के लिए दिवाली के बाद मुंबई जाएंगे। राजनाथ सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में कहा, ‘मैं आज महाराष्ट्र नहीं जा रहा। दिवाली के बाद मुंबई जाऊंगा।’

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें