फोटो गैलरी

Hindi Newsपूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी में मुठभेड़, नक्सली उप-कमांडर ढेर

पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी में मुठभेड़, नक्सली उप-कमांडर ढेर

थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में रविवार की शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। वह दलमाकोचा एरिया का उप-कमांडर था। उसका नाम कुवंर मुर्मू उर्फ झुरु बताया गया है। उसके...

पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी में मुठभेड़, नक्सली उप-कमांडर ढेर
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 19 Jan 2015 09:14 AM
ऐप पर पढ़ें

थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में रविवार की शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। वह दलमाकोचा एरिया का उप-कमांडर था। उसका नाम कुवंर मुर्मू उर्फ झुरु बताया गया है। उसके पास से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

एक के पांव में लगी गोली
वहीं, एक नक्सली के पांव में गोली लगने की सूचना है लेकिन उसके साथी उसे ले भागने में सफल रहे। मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान दुखिया मुर्मू भी घायल हुआ है। उसके सिर में गोली लगी है। उसे जमशेदपुर ले जाया गया है। दुखिया एसपी (अभियान) शैलेन्द्र वर्णवाल का बॉडीगार्ड है। मौके से पुलिस ने देवली गांव के इंद्रजीत भकत और सुड़गी के राम किस्कू को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया है। घटना शाम करीब छह बजे की है। इसकी सूचना पाकर एसएसपी अमोल वी होमकर और ग्रामीण एसपी शैलेन्द्र सिन्हा मुसाबनी पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।

टुसू मेले में नक्सलियों के पहुंचने की थी पुलिस को सूचना
बताया जाता है कि रविवार को विक्रमपुर गांव में टुसू मेला लगा था। मेले में आधा दर्जन से ज्यादा नक्सलियों के आने की सूचना पुलिस को थी। इसे लेकर एसपी (अभियान) शैलेन्द्र वर्णवाल, सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट संदीप कुमार नीरज तथा मुसाबनी के डीएसपी वचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। रविवार को जिला पुलिस और सीआरपीएफ के कई जवान ग्रामीण वेशभूषा में मेला पहुंचे थे। इसी बीच नक्सलियों के मेले में पहुंचने की खबर वहां मौजूद जवानों ने एसपी को दी। उन्होंने नक्सलियों की घेराबंदी शुरू करा दी। पुलिस को देख नक्सली बचकर निकलने का प्रयास करने लगे। इसी बीच जवानों ने एक नक्सली को दबोच लिया। उसे बचाने के लिए उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दरम्यान एक नक्सली की गोली पुलिस के जवान दुखिया मुर्मू को जा लगी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी नक्सलियों के खिलाफ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली नक्सली कुंवर मुर्मू उर्फ झुरु को लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। दूसरा पांव में गोली लगने के बावजूद भाग निकला। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सलियों ने कुछ ग्रामीणों को डरा-धमका कर उनकी बाइक छीन ली और मौके से भाग निकले। बताया जाता है कि दोनों ओर से करीब 40 से 45 राउंड गोलियां चली हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें