फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली में आज सबसे ठंडी सुबह, कई राज्यों में कोहरा

दिल्ली में आज सबसे ठंडी सुबह, कई राज्यों में कोहरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरे की चादर लिपटी हुई है और मौसम सर्द बना हुआ है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पिछले पांच सालों में यह...

दिल्ली में आज सबसे ठंडी सुबह, कई राज्यों में कोहरा
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 22 Dec 2014 10:05 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरे की चादर लिपटी हुई है और मौसम सर्द बना हुआ है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पिछले पांच सालों में यह सबसे सर्द सोमवार है। मौसम विभाग ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई है, जिससे 50 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं और 12 का समय बदला गया है।

उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कम दृश्यता की वजह से देश के विभिन्न हिस्से से राष्ट्रीय राजधानी आने वाली 50 रेलगाड़ियां नियत समय से देरी से चल रही हैं, जबकि 12 का समय बदला गया है और एक को रद्द कर दिया गया है। मौसम विभाग ने आगे दिनभर आसमान में बादल घिरे रहने के आसार जताए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को दिनभर बादल घिरे रहेंगे और कोहरा छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में आद्रता सुबह 8.30 बजे 97 फीसदी दर्ज की गई। इधर, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कानपुर में डीएम के स्कूल बंदी के आदेश की कई स्कूलों में धज्जियां उडा़ई गई। सात डिग्री सेल्सियस तापमान पर ठिठुरते-कांपते सैकड़ों बच्चे स्कूल पहुंचे। प्रशासन ने आदेश करने के बाद अनुपालन कराने को कोई कदम नहीं उठाया था।

उत्तर भारत ठिठुरा, दिन के बाद अब रातें भी सर्द होंगी
उत्तर भारत में रविवार को सर्दी ने दिल्ली समेत कई जगह पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मैदानी इलाकों में दिन का तापमान गिर रहा है। दो-तीन दिन में रातें ज्यादा सर्द होने लगेंगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी संभव
मौसम विभाग ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है, इससे सर्द उत्तरी हवाओं का रुख एक बार फिर मैदानी क्षेत्रों की तरफ होगा। इससे सर्दी में तेजी से इजाफा होगा।

दिल्ली-एनसीआर के हाल
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में गिरावट सात डिग्री तक रही। जबकि यूपी के बहराइच और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में यह गिरावट अधिकतम 12 डिग्री दर्ज की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। कानपुर में 14.4 तथा चंडीगढ़ में 9 डिग्री रहा जो सामान्य से 12 डिग्री कम है। गुलमर्ग में तापमान -2.8 डिग्री जबकि नैनीताल में 14 डिग्री रहा। पटना में तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा।

इस सप्ताह मौसम करवट लेगा। सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में भले ही कोहरा कम रहे लेकिन दिन में हल्के बादलों या धुंध के रूप में इसकी वापसी हो सकती है।
- डॉक्टर आरके जेनामणि निदेशक मौसम विभाग पूर्वानुमान केंद्र

चुरू मैदान में सबसे सर्द रहा
- पिछले चौबीस घंटों के दौरान राजस्थान के चुरू का तापमान 0.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
- गुजरात के तटीय इलाकों सौराष्ट्र, कच्छ में भी पिछले 24 घंटों के दौरान शीत लहर दर्ज की गई।

दिल्ली की सर्दी ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा
- 15 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया दिल्ली में रविवार को, यह पिछले पांच सालों में सबसे कम।
- 6.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा, पारा और लुढ़केगा। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें