फोटो गैलरी

Hindi Newsडीयू के दिग्गजों की चुनावी परीक्षा

डीयू के दिग्गजों की चुनावी परीक्षा

दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार ऐसे उम्मीदवारों की भरमार है जो डीयू में शिक्षक रह चुके हैं। साथ ही डूसू में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। चुनावों में भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो...

डीयू के दिग्गजों की चुनावी परीक्षा
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 30 Jan 2015 12:43 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार ऐसे उम्मीदवारों की भरमार है जो डीयू में शिक्षक रह चुके हैं। साथ ही डूसू में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। चुनावों में भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो प्रोफेसरों को उतारा है, तो भाजपा ने डूसू के चार अध्यक्ष और कांग्रेस ने पांच डूसू अध्यक्ष को टिकट दिया है।

प्रो. जगदीश मुखी डीयू के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से पढ़ाई पूरी कर डीयू के ही शहीद भगतसिंह कॉलेज कॉलेज में प्राध्यापक रह चुके हैं। वह जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र से छठी बार चुनावी मैदान में हैं। तीमारपुर से भाजपा उम्मीदवार भी रजनी अब्बी भी डीयू में कानून की शिक्षक रह चुकी है।

नई दिल्ली विधान सभा से कांग्रेस उम्मीदवार डॉं. किरण वालिया भी डीयू में एसोसिएट प्रोफेसर रह चुकी हैं। वहीं, मालवीय नगर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉं. योगानंद शास्त्री भगतसिंह कॉलेज में रीडर थे और प्राचीन इतिहास संस्कृति पढ़ाते थे।

भाजपा के अरुण जेटली, सुभाष चोपड़ा, कांग्रेस के अजय माकन आदि नेताओं ने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरुआत डीयू से की थी। ये सभी डूसू अध्यक्ष रह चुके हैं।

1985 में डूसू अध्यक्ष रहे और केंद्रीय मंत्री अजय माकन चुनावों में कांग्रेस का चेहरा है। अजय माकन सदर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कस्तूरबा नगर से एनएसयूआई के नेता रहे नीरज बसोया को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल भी डूसू का चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि वर्ष 1970 में डूसू अध्यक्ष पर काबिज हुए सुभाष चोपड़ा कालकाजी से कांग्रेस के उम्मीदवार है। इस सीट से भाजपा ने हरमीत सिंह कालका को मैदान में उतारा है।

इसके अलावा वजीरपुर से कांग्रेस ने हरिशंकर गुप्ता को विधानसभा चुनावों में फिर से टिकट दी है। यहां से भाजपा ने महेंद्र नागपाल और ‘आप’ ने राजेश गुप्ता को मैदान में उतारा है। भाजपा के रोहिणी से उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता वर्ष 1984 में डूसू उपाध्यक्ष रहे। शालीमार बाग से भाजपा की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी 1996 में डूसू अध्यक्ष रही थी। उनके खिलाफ कांग्रेस से सुलेखा कुमारी और ‘आप’ से वंदना कुमारी मैदान में है। 1997 में डूसू अध्यक्ष रहे अनिल झा किराड़ी से भाजपा उम्मीदवार है।

1995 में डूसू अध्यक्ष रही अलका लांबा चांदनी चौक से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार है। वहीं, नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने नुपूर शर्मा को मैदान में उतारा है। नुपूर 2008 में डूसू अध्यक्ष रह चुकी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें