फोटो गैलरी

Hindi Newsयूपीः सेंट मैरी चर्च पर हमला, तोड़फोड़

यूपीः सेंट मैरी चर्च पर हमला, तोड़फोड़

सुलहकुल की नगरी में बुधवार रात अवांछनीय तत्वों ने फिजा में जहर घोलने का प्रयास किया। प्रतापपुरा के निकट सेंट मैरी चर्च पर धावा बोला गया। माता मरियम, बालक यीशू और वैलंकनी माता की प्रतिमा खंडित कर दी...

यूपीः सेंट मैरी चर्च पर हमला, तोड़फोड़
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 16 Apr 2015 07:07 PM
ऐप पर पढ़ें

सुलहकुल की नगरी में बुधवार रात अवांछनीय तत्वों ने फिजा में जहर घोलने का प्रयास किया। प्रतापपुरा के निकट सेंट मैरी चर्च पर धावा बोला गया। माता मरियम, बालक यीशू और वैलंकनी माता की प्रतिमा खंडित कर दी गई। शीशे तोड़े गए। एक गाड़ी में तोड़फोड़ की फादर के शोर मचाने पर हमलावर भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी ने पुलिस प्रशासन के होश उड़ा दिए। ईसाई समाज में आक्रोश फैल गया। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।

घटना रात करीब 3.30 बजे की है। लगभग एक शताब्दी पुराने सेंट मैरी चर्च की स्थापना वर्ष 1920 में हुई थी। रोमन कैथलिक यह चर्च समाज के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चर्च के प्रमुख पुरोहित फादर मून लाजरस ने बताया कि रात को साढ़े दस बजे चर्च का गेट बंद हो गया था। फादर जॉन रोशन और कर्मचारी सुशील उनके साथ परिसर में ही रहते हैं। रात को ग्वालियर से फादर ज्वाइस भी आए थे। उनकी एसएक्स फोर गाड़ी परिसर में ही खड़ी थी। देर रात कार का सायरन बजने से उनकी नींद खुली। साथी फादर को उठाया और दोनों गेट खोलकर बाहर आए। कुछ युवक कार पर पत्थर मार रहे थे। उनके शोर मचाने पर भाग खड़े हुए। उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल दूसरे फादरों को दी। चर्च परिसर में ही गुरुकुल है। वहां दो फादर और 25 बच्चे रहते हैं। सभी बाहर आ गए। उन्होंने देखा कि चर्च के मुख्य गेट के सामने कांच के केस में लगी माता मरियम की प्रतिमा जमीन पर पड़ी थी। इसके पीछे चर्च गेट के दोनों तरफ लगीं बालक यीशू और वैलंकनी माता की प्रतिमा भी टूटी पड़ी थीं। बालक यीशू का सिर तोड़कर माता मरियम के हाथ में रख दिया गया था। जानवर का पट्टा और चेन वहां पड़ी थी। जहां कार खड़ी थी उसके पीछे भी माता मरियम की प्रतिमा लगी है। उसका भी शीशा चकनाचूर था। यह सब देखकर वे हक्के-बक्के रह गए।

सूचना मिलते ही एसएसपी राजेश डी मोदक, एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ सदर असीम चौधरी फोर्स के साथ मौके पर आ गए। सुबह घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में समाज के लोग चर्च पहुंच गए। सभी में आक्रोश है। घटना के खुलासे की मांग की जा रही है।

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चर्च के प्रमुख पुरोहित फादर मून लाजरस ने बताया कि उन्होंने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक प्रतिमा खंडित करने और तोड़फोड़ की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस को मौके से बीयर की बोतल भी पड़ी मिली है, जिससे इतना तो साफ हो गया है कि हमलावर नशे में थे। पुलिस उन तक पहुंचने के लिए हर कोशिश कर रही है। सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। आसपास यह देखा जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे कहां लगे हैं। शायद रात तीन बजे के आसपास का फुटेज मिलने से कोई सुराग मिल जाए। चर्च अजमेर मार्ग पर है। वहां कई दुकानें हैं। इतनी रात को आमतौर पर ट्रैफिक नहीं चलता है। इसलिए पुलिस को उम्मीद है कि कोई सुराग मिल सकता है।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें