फोटो गैलरी

Hindi Newsराजा महेंद्र की जयंती पर एएमयू-भाजपा में टकराव टला

राजा महेंद्र की जयंती पर एएमयू-भाजपा में टकराव टला

राजा महेन्द्र प्रताप का जन्म दिवस मनाए जाने को लेकर भाजपा और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बीच टकराव टल गया है। एएमयू के वीसी ने बीच का रास्ता अख्तियार करते हुए कहा है कि वह राजा महेन्द्र प्रताप...

राजा महेंद्र की जयंती पर एएमयू-भाजपा में टकराव टला
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 28 Nov 2014 10:31 PM
ऐप पर पढ़ें

राजा महेन्द्र प्रताप का जन्म दिवस मनाए जाने को लेकर भाजपा और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बीच टकराव टल गया है।

एएमयू के वीसी ने बीच का रास्ता अख्तियार करते हुए कहा है कि वह राजा महेन्द्र प्रताप का जन्म दिवस सेमिनार के रूप में मनाएंगे। हालांकि यह एक दिसंबर के बाद होगा। वहीं सांसद सतीश गौतम ने बताया है कि भाजपा राजा महेन्द्र प्रताप पार्क पर उनका जन्मदिन मनाएगी। दोनों पक्षों के बदले रुख से पुलिस-प्रशासन ने खासी राहत की सांस ली है।

सप्ताह भर से राजा महेन्द्र प्रताप का जन्म दिवस मनाने को लेकर मामला खासा गर्म चल रहा था। भाजपा जहां लगातार एएमयू परिसर में राजा का 128वां जन्म दिवस एक दिसंबर को मनाने पर अड़ी थी, वहीं एएमयू के कुलपति जमीरुद्दीन शाह ने गुरुवार को कहा था कि वह राजा का जन्मदिन नहीं मना सकते। उनका तर्क था कि एएमयू को तमाम लोगों ने जमीन दान दी है। यदि राजा का जन्मदिन मनाया तो फिर सभी का जन्मदिन मनाया जाता रहेगा। चूंकि सर सैयद एएमयू के संस्थापक थे, इसलिए एएमयू उनका जन्म दिवस मनाता आ रहा है।

ऐसे में दोनों पक्षों के बीच टकराव की ओर बढम्ने से दिल्ली और लखनऊ तक खलबली मच गई। लेकिन शाम को राहत भरी खबर आई।


इससे पहले कई दलों और संगठनों ने राजा साहब जैसे महान व्यक्तित्व का इस्तेमाल सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए व राजनीतिक स्वार्थों के लिए न करें। वहीं कुछ दलों ने सांसद के बयान का स्वागत भी किया है।

उप्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्रजराज सिंह राना ने कहा है कि राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा की जा रही बयानबाजी गैर संवैधानिक है। कभी किसी की जयंती एएमयू में नहीं मनाई गई।

बन्नादेवी स्थित आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय पर हुई बैठक में प्रवक्ता ठा. अजीत पाल सिंह ने कहा कि सपा और भाजपा वोट बैंक की राजनीति कर उस महान व्यक्ति की महानता को खराब कर रही हैं जिसने अपनी स्वेच्छा से दान दिया था। बैठक में डॉ. राजेश्वर चौधरी, दीपेन्द्र भटनागर, शैलेन्द्र चौधरी, अरविंद शर्मा, ब्रजेश चौधरी आदि मौजूद थे।

मेडिकल रोड स्थित कोठी लाला रूख में हुई ऑल इंडिया सर सैय्यद मैमोरियल सोसाइटी की बैठक में यूनिवर्सिटी के विरुद्ध की गई बयानबाजी को गलत बताया गया। डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि भाजपा को किसी स्थान या संस्था पर ध्यान न देकर अपने राष्ट्रीय मुद्दों पर देशहित में काम करना चाहिए। इस मौके पर सोसाइटी के महासचिव हैदर अली खान ‘असद’, चौ. जगवी सिंह, जावेद इकबाल, मो. अलीखान, डॉ. रमेश कुमार आदि थे।

वहीं भाजपा जिला मंत्री व दलित नेता राजीव भारती ने सांसद के बयान का स्वागत किया है कि एएमयू में दलित आरक्षण होना चाहिए। दलित समाज के लोग भी एक दिसम्बर को राजा महेन्द्र प्रताप सिंह की जयंती धूमधाम से मनाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें