सब पर चलाइए गाजर का जादू
विटामिन ए से भरपूर है गाजर। इस साल सर्दियों में सिर्फ गाजर का सलाद और हलवा तक ही सीमित न रहें। गाजर की कुछ नई रेसिपी भी आजमाएं, बता रही हैं रोहिणी सिंह गाजर फ्राई कितने लोगों के लिए: 4 कुकिंग...
विटामिन ए से भरपूर है गाजर। इस साल सर्दियों में सिर्फ गाजर का सलाद और हलवा तक ही सीमित न रहें। गाजर की कुछ नई रेसिपी भी आजमाएं, बता रही हैं रोहिणी सिंह
गाजर फ्राई
कितने लोगों के लिए: 4
कुकिंग टाइम: 45 मिनट
सामग्री
गाजर- 2
हींग- चुटकी भर
कटी हुई हरी मिर्च- 2
कद्दूकस किया अदरक- 1 चम्मच
करी पत्ता- 10
भुना सफेद तिल- 2 चम्मच
धनिया पाउडर- 1-1/2 चम्मच
दरदरी लाल मिर्च- 1/2 चम्मच
नमक स्वादानुसार
तेल- 1 चम्मच
विधि
गाजर का छिलका छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में तेल गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें करी पत्ता, हरी मिर्च, हींग और अदरक डालकर पांच से छह सेकेंड तक भूनें। गाजर डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। मध्यम आंच पर चार से पांच मिनट तक पकाएं। अब कड़ाही में नमक डालें और कड़ाही ढंककर गाजर के मुलायम होने तक पकएं। गाजर में धनिया पाउडर डालें और दो-तीन मिनट पकाएं। तिल और लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। रोटी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
गाजर करीphoto1
कितने लोगों के लिए: 2
कुकिंग टाइम: 30 मिनट
सामग्री
गाजर- 2
मूंग दाल- 2 चम्मच
बारीक कटा प्याज- 2
बारीक कटी मिर्च- 4
कद्दूकस किया नारियल- 2 चम्मच
कद्दूकस किया अदरक- 1 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
तेल- 1 चम्मच
उड़द दाल- 1 चम्मच
सरसों- 1 चम्मच
करी पत्ता- 10
विधि
गाजर छीलकर उसे बारीक टुकड़ों में काट लें। कुकर में मूंग दाल और गाजर डालकर एक सीटी लगा दें। कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें सरसों डालें। जब सरसों तड़क जाए तो कड़ाही में उड़द दाल डालें। दाल का रंग जब सुनहरा हो जाए तो कड़ाही में मिर्च, करी पत्ता, अदरक और प्याज डालें। प्याज के सुनहरा होने तक पकाएं। अब गाजर डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। दो-चार मिनट गाजर को पकाने के बाद कड़ाही में नमक डालें। अच्छी तरह से मिलाकर कुछ देर पकाएं। नारियल से सजा कर दो मिनट पकाएं और सर्व करें।
गाजर का अचारphoto2
कितने लोगों के लिए: 5
कुकिंग टाइम: 30 मिनट
सामग्री
गाजर- 8
तेल- 4 चम्मच
बारीक कटा प्याज- 1
कटा हुआ अदरक- 1 चम्मच
लाल मिर्च- 4
लहसुन- 8 कली
सरसों- 3 चम्मच
मेथी- 1 चम्मच
जीरा- 1 चम्मच
साबुत धनिया- 1 चम्मच
सौंफ- 1 चम्मच
करी पत्ता- 15
उड़द दाल- 2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
हल्दी- 1/2 चम्मच
हींग- चुटकी भर
कद्दूकस किया गुड़- 4 चम्मच
नमक- 1 चम्मच
विनिगर- 3 चम्मच
विधि
गाजर का छिलका छीलकर उसे बारीक टुकड़ों में काट लें। एक मोटे तौलिये के बीच गाजर डालकर उसका पानी अच्छी तरह से सुखा लें। प्याज, अदरक, मिर्च और लहसुन का पेस्ट बना लें। कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें सरसों, मेथी, उडम्द दाल, जीरा और सौंफ डालें। जब जीरा पक जाए तो कड़ाही में प्याज वाला पेस्ट डाल दें। कड़ाही में करी पत्ता भी डाल दें और प्याज वाले मिश्रण के सुनहरा होने तक भूनें। आंच धीमी करें और कड़ाही में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और चुटकी भर हींग डाल दें। नमक और गुड़ भी कड़ाही में डाल दें। गैस ऑफ करें और कड़ाही में विनिगर डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब कड़ाही में गाजर डालकर अच्छी तरह से मिला दें। गाजर का अचार तैयार है। इसे साफ-सुथरी बोतल में डालकर फ्रिज में स्टोर करें। यह अचार कई सप्ताह तक खाने योग्य रहता है।
गाजर-चुकंदर सलादphoto3
कितने लोगों के लिए: 4
कुकिंग टाइम: 25 मिनट
सामग्री
उबले चुकंदर- 2
उबले गाजर- 2
कद्दूकस किया अदरक- 1/2 चम्मच
नमक- 1/2 चम्मच
ऑलिव ऑयल- 2 चम्मच
विनिगर- 1-1/2 चम्मच
तिल- 1 चम्मच
जीरा- 1 चम्मच
विधि
चुकंदर का छिलका छीलकर उसके मोटे-मोटे स्लाइस काट लें। गाजर का भी छिलका उतारकर उसे आकर्षक शेप में काट लें। नॉनस्टिक पैन में जरा-सा तेल गर्म करें और उसमें तिल को सुनहरा होने तक भूनें। तिल को निकालकर एक ओर रख दें। उसी पैन में जीरा डालें और उसे सूखा भून लें। अब ग्राइंडर में अदरक, नमक, जीरा, विनिगर और तेल डालें और बारीक पेस्ट बना लें। एक बाउल में गाजर डालें और उसमें आधी ड्रेसिंग डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब बाउल में चुकंदर के टुकड़े और बची हुई ड्रेसिंग डालें। अच्छी तरह से मिलाएं। सर्विग प्लेट में तैयार सलाद डालें। भुने हुए तिल से गार्निश करें और सर्व करें।