बिना हाथ वाले लोग पैरों से चला सकेंगे माउस
रूस में हाईस्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र सेर्गेई हेल्याविन ने दिव्यांगों के लिए एक ऐसा ‘एलईडी माउस सैंडल’ बनाया है, जिसे पहनकर वैसे लोग भी आसानी से कंप्यूटर चला सकेंगे जो किसी कारणवश अपना...
रूस में हाईस्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र सेर्गेई हेल्याविन ने दिव्यांगों के लिए एक ऐसा ‘एलईडी माउस सैंडल’ बनाया है, जिसे पहनकर वैसे लोग भी आसानी से कंप्यूटर चला सकेंगे जो किसी कारणवश अपना हाथ गंवा चुके हैं। मामूली अभ्यास से इस सैंडल माउस को आसानी से पैरों से नियंत्रित किया जा सकता है।
दोस्त के लिए बनाया
सेर्गेई हेल्याविन का एक दोस्त पेशीय विकार (मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर) से पीड़ित था जिसके कारण वह साधारण माउस पकड़ पाने में सक्षम नहीं था। इसके बाद सेर्गेई ने उसकी मदद करने की ठानी और पैरों से चलने वाला यह माउस बनाया।
रोशनी के लिए एलईडी
उपयोगकर्ताओं को इस माउस का स्क्रॉल और दोनों क्लिक बटन रात को भी देखने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए सेर्गेई ने इस सैंडल माउस के दोनों तरफ एलईडी लाइटों की एक पट्टी लगाई है।
पसीना बनी चुनौती
सैंडल माउस को विकसित करने में सेर्गेई के सामने सबसे बड़ी चुनौती पैरों से निकलने वाला पसीना थी। वे सैंडल का सोल बनाने के लिए ऐसा पदार्थ खोज रहे थे जिसके संपर्क में आने पर पैरों से पसीना नहीं आए। इसके लिए उन्होंने सैंडल में कॉर्क बीच से बना सोल इस्तेमाल किया।
खुद पर आजमाया
सैंडल माउस बनाने के बाद सेर्गेई ने इसे पहले खुद पर आजमाया। पैरों से दो सप्ताह तक इस माउस को चलाने का अभ्यास करने के बाद वे इससे आसानी से वीडियो गेम खेलने में सक्षम हो पाए। वे अब इसे ताररहित बनाने में जुटे हैं।