फोटो गैलरी

Hindi Newsकानपुर के शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव

कानपुर के शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव

महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को शहर के सभी मंदिरों और शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा अर्चना और आरती के बाद प्रसाद बांटा। शिव मंदिरों में बम भोले और हर-हर महादेव के बोल...

कानपुर के शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 24 Feb 2017 03:29 PM
ऐप पर पढ़ें

महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को शहर के सभी मंदिरों और शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा अर्चना और आरती के बाद प्रसाद बांटा। शिव मंदिरों में बम भोले और हर-हर महादेव के बोल गूंज रहे थे। मंदिरों में भांग-धतूरे का भी भोग लगाया गया। इस दौरान शिव मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। अकेले परमट मंदिर में ही 18 कैमरों से आने वाले भक्तों पर नजर रखी जा रही है। उधर, नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर व सिद्धनाथ घाट स्थित जागेश्वर मंदिर में भी आने वाले हर भक्त पर कैमरे से नजर रखी जा रही है।

परमट मंदिर के महंत रमेश पुरी ने बताया कि शिवरात्रि पर मंदिर में इस बार पांच लाख से अधिक भक्तों के आने की संभावना है। भोर 4 बजे से भंक्तों का तांता लगा हुआ है। इस बार भक्तों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन ने काफी बेहतर इंतजाम किए हैं। मंदिर में 18 कैमरे लगाए गए हैं इनमें 12 कैमरे मंदिर जबकि 6 कैमरे प्रशासन ने लगवाए हैं। परमट इलाके में आने वाले हर भक्त पर तबतक नजर होगी जबतक वह दर्शन करने के बाद इलाके के बाहर न निकल जाए। इसी तरह नवाबगंज स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर में भी एक दर्जन कैमरे सुरक्षा में तैनात होंगे। पूरे परिसर को कैमरे से लैस कर दिया गया है। मंदिर कमेटी के महामंत्री प्राण श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार मंदिर में पिछले वर्ष की तुलना में चार कैमरे अधिक लगाए गए हैं। जाजमऊ स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर में अरुणपुरी चैतन्य जी महाराज ने बताया कि मंदिर में गंगा तक कैमरों की निगरानी में हैं।

आनन्देश्वर महादेव मंदिर

भोर को दो बजे मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। दोपहर को भोग आरती के लिए 11:30 बजे आधे घंटे के लिए पटों को बंद किया गया था। अब शाम को 7:30 बजे भोग आरती के लिए आधे घंटे के लिए पटों को बंद होंगे।

भंडारे में लोगों की भीड़

बाबा के दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए लगाए गए भंडारे में सुबह से भारी भीड़ उमड़ने लगी है। मंदिर के मीडिया प्रभारी अजय पुजारी ने बताया कि शिव सेवा समिति की ओर से यह भंडारा आयोजित किया जा रही है। इसके साथ ही शाम को बाबा पर छप्पन भोग भी चढ़ाया जाएगा।

सिद्धनाथ महादेव मंदिर

भोर में चार बजे पट मंदिर के पट खोले गए। दिनभर दर्शन के बाद दोपहर 12 बजे आधे घंटे के लिए भोग आरती के लिए पटों को बंद कर किया गया। इसके बाद से अनवरत दर्शन का सिलसिला जारी है। रात 11 बजे तक दर्शन के लिए मंदिर के पट खुले रहेंगे।

जागेश्वर महादेव मंदिर

भोर 2:45 बजे मंगला आरती के बाद पट दर्शन के लिए खोले गए। सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। दोपहर 11:45 से 12:10 बजे तक मंदिर के पट बंद किए गए थे। अब रात में 10:30 बजे से 11:30 बजे तक शयन आरती होगी। इसके बाद 11:45 बजे से सुबह पांच बजे तक चार रुद्राभिषेक आयोजित होंगे।

बनखण्डेश्वर महादेव मंदिर

भोर पांच बजे मंदिर के पटों को खोल दिया जाएगा। इसके बाद देर रात तक लगातार मंदिर के पट भक्तों के लिए खुले रहेंगे।

नागेश्वर महादेव मंदिर

भोर में पांच बजे मंदिर के पटों को खोले गए जब से लगातार दर्शन का सिलसिला जारी है। भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें