भाजपा आई तो हर बुन्देले के घर में होगी कार : शाह
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ करने रविवार को झांसी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री ने पाकिस्तान पर...
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ करने रविवार को झांसी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री ने पाकिस्तान पर हमला बोला। राजनाथ सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ी तो फिर पाक को घुसकर मारेंगे। शाह ने ऐलान किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आई तो हर बुन्देले के घर में मारुति कार होगी । बुन्देलखण्ड के रुपयों से ही बुन्देलखण्ड का विकास होगा। जनसभा के बाद शाह और राजनाथ ने परिवर्तन रथ रवाना किया। यह रथ 24 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगा।
सपा में अब नेताजी का वारिस तय करने की लड़ाई
अमित शाह ने बुन्देलखण्ड की जनता को मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि समय कम पड़ जाएगा बताते-बताते जितनी योजनाओं का शुभारंभ मोदी सरकार ने किया। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं का नाम लेते हुए कहा कि बुन्देलखण्ड के किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिला क्योंकि चाचा (शिवपाल) और भतीजे (अखिलेश) कमीशन के पैसे के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, सपा में वारिस की जंग जारी है। नेताजी का वारिस कौन हो उसकी जंग चल रही है। ऐसे में कौन जनता के बारे में सोचे। भाजपा की सरकार लाएं, बदल जाएगी सूबे की तस्वीर प्रदर्शनी मैदान में परिवर्तन यात्रा रैली में शाह के निशाने पर सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों पार्टियां रहीं। उन्होंने साफ कहा, सपा-बसपा की मिलीभगत ने प्रदेश का विकास रोक दिया है। बहनजी कहती हैं एक मौका दो, क्या यूपी की जनता ने मौका नहीं दिया? मायावती ने क्या किया। पत्थरों के मूर्ति लगवाई। सपा-बसपा की मिलीभगत अब नहीं चलेगी। भाई और बहनों कसम खाइए अबकी बार भाजपा सरकार। फिर देखिए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार कैसे उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनती है। 24 दिसंबर को परिवर्तन यात्रा समाप्त होने के बाद हो प्रदेश के लोगों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिलेगा। भाजपा की सरकार आई तो सात दिन के अंदर कब्जा वापस, गुंडे जेल में होंगे।
राजनाथ ने पाकिस्तान को ललकारा
राजनाथ सिंह ने रैली से सपा-बसपा पर हमले के बाद पाकिस्तान को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सीने का बटन खोलकर लड़ ले, जीत भारत की होगी। उन्होंने कहा कि घर में घुसकर मारा है, जरूरत पड़ी तो फिर मारेंगे। उन्होंने कहा कि सैनिकों के नाम पर राजनीति बंद हो। रैली में कलराज मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश को आसुरी शक्तियों से मुक्त कराना है। भाजपा किसानों को आत्महत्या नहीं करने देगी।
उमा बोलीं, इजराइल की तर्ज पर होगा बुन्देलखण्ड का विकास
उमा भारती ने कहा कि सपा ने विकास में केंद्र का साथ नहीं दिया इसलिए प्रदेश का विकास नहीं हुआ। सपा ने यादव पिछड़ों और मुसलमानों का साथ नहीं दिया। इजराइल की तर्ज पर बुन्देलखण्ड का विकास होगा। उन्होंने बताया कि बुन्देलखण्ड पैकेज का प्रधानमंत्री ने रिवाइवल किया है। उन्होंने अलग बुन्देलखण्ड राज्य को जरुरी बताया और कहा अब प्रदेश से बुन्देलखण्ड का बंटवारा जरूरी है। उमा बोलीं कार्यकर्ताओं के लिए जान दे दूंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले कि जनता सपा-बसपा से ब्याज सहित हिसाब चुकता करेगी। भाजपा प्रदेश को कुशासन से सुशासन तक ले जाएगी।
19 जिलों से गुजरेगा भाजपा का परिवर्तन रथ
रैली के बाद अमित शाह, राजनाथ सिंह और अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से भाजपा की परिवर्तन यात्रा रवाना की। इसी के साथ महोबा में पीएम मोदी की बुंदेलखण्ड परिवर्तन महारौली के बाद बुंदेलखण्ड के दूसरे जिले झांसी से भाजपा ने सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंक दिया। झांसी से रवाना होने वाली परिवर्तन यात्र प्रतिदिन 100 किलोमीटर दूरी तय करेगी। हर दिन यात्रा दो से तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसमें जनसभा के साथ छोटी सभा व स्वागत सभा आयोजित होंगी। यात्रा कुल मिलाकर 19 जिलों की 79 विधानसभाएं कवर करेगी।