फोटो गैलरी

Hindi Newsमहिला को बंधक बनाकर ढाई लाख की लूट

महिला को बंधक बनाकर ढाई लाख की लूट

जनगणना करने के नाम पर बागबेड़ा के गणेशनगर स्थित एक घर घुसे दो अपराधियों ने अकेली महिला को बंधक बनाया और लूटपाटकर फरार हो गए। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला को बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई।...

महिला को बंधक बनाकर ढाई लाख की लूट
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 18 Jul 2015 11:18 PM
ऐप पर पढ़ें

जनगणना करने के नाम पर बागबेड़ा के गणेशनगर स्थित एक घर घुसे दो अपराधियों ने अकेली महिला को बंधक बनाया और लूटपाटकर फरार हो गए। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला को बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। घटना शनिवार दोपहर डेढ़ बजे की है। महिला को टीएमएच में भर्ती कराया गया। शाम सात बजे उसे होश आया।

लूट की यह घटना गणेशनगर के रोड नंबर-3 में रहने वाले सच्चिदानंद शर्मा का घर हुई है। उनका घर बागबेड़ा थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर है। अपराधी उनके घर से 50 हजार रुपये नगद और दो लाख के जेवर लूट ले गए। घटना के बाद विधि-व्यवस्था डीएसपी बीएन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और घर के लोगों से पूछताछ की।

इधर, देर शाम महिला के होश में आने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। महिला द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर अपराधियों का स्केच तैयार कराया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है, जिसमें स्थानीय युवकों का हाथ हो सकता है।

वारदात के वक्त घर में अकेली थी प्रीति
घटना के वक्त घर में सच्चिदानंद शर्मा के बहू प्रीति शर्मा बिल्कुल अकेली थी। सच्चिदानंद और उनका बेटा अभिषेक शर्मा ड्यूटी पर गए हुए थे। अभिषेक टाटा स्टील में ठेका मजदूर है। उसकी मां ललिता देवी एक स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय वे भी स्कूल गई हुई थीं।

प्रीति ने पुलिस को दिया बयान
होश में आने के बाद प्रीति ने पुलिस को बताया कि दोपहर 1:30 बजे घर के दरवाजे पर दस्तक हुई। उसने पूछा, ‘कौन है?’ इस पर बाहर खड़े युवकों ने बताया कि वे जनगणना के लिए आए हुए हैं। उन्होंने अंदर आने की गुजारिश की। प्रीति ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बैठने को कहा। दो में से एक युवक ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। दोनों को बैठने के लिए कहकर जैसे ही वह पीछे मुड़ी, युवकों ने उसके हाथ पकड़ लिए। जब उसने विरोध किया तो अपराधियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पाइप से जमकर उसकी पिटाई की। इसके बाद उसे घर के बेडरूम में ले जाकर बेड से बांध दिया।

संयोग से पति को लग गया फोन
जब अपराधियों ने प्रीति को बेड पर बांधा तो वहीं सिरहाने में उसे अपना मोबाइल फोन दिख गया। उसने किसी तरह फोन का डायल बटन दबा दिया। चूंकि आखिरी कॉल उसने अपने पति अभिषक को किया था इसलिए कॉल सीधे उसके पति को चला गया। हालांकि, उसके पति को उसके रोने की ही आवाज सुनाई दी। इसके बाद फोन कट गया। 

अभिषेक ने मां को फोनकर घर भेजा
पत्नी के रोने की आवाज सुनकर अभिषेक बेचैन हो गया। अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल उसने अपनी मां ललीता देवी को फोन मिलाया और तुरंत घर जाने को कहा। जब वे घर पहुंचीं तो देखा कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है और उनकी बहू बेहोश बेड पर पड़ी हुई है। आनन-फानन में उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया। ललीता देवी के मुताबिक आपराधी उनके घर की दो अलमारियों तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नगद और दो लाख के जेवर लूट ले गए।

छह महीने पहले हुई थी चोरी
शर्मा परिवार के लोग बागबेड़ा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि थाने की पुलिस क्षेत्र में रात को गश्ती नहीं करती है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले उनके और पड़ोसी के घर में चोरी हुई थी। उसके बाद भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। इसी का नतीजा है कि दुस्साहसी अपराधियों ने उनके घर में लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।

महिला के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। महिला द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपियों का स्केच तैयार कराया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- करुणा राय, इंस्पेक्टर, बागबेड़ा थाना

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें